- Hindi News
- पर्सनल लोन दिलाने के बहाने युवतियों ने ठगे 71 हजार रुपए
पर्सनल लोन दिलाने के बहाने युवतियों ने ठगे 71 हजार रुपए
और इधर हॉलीडे पैकेज के नाम पर धोखाधड़ी की एफआईआर
धानमंडीथाने में मीनापाड़ा निवासी पंकज कुमार पुत्र ख्याली लाल साहू ने अज्ञात युवतियों के खिलाफ 71 हजार रुपए ठगने की एफआईआर दर्ज कराई है। युवतियों ने पर्सनल लोन दिलाने के बहाने ठगी की।
पुलिस ने बताया कि पंकज के पास पिछले दिनों सारिका शर्मा नाम की युवती का फोन आया। उसने खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए 3 लाख रुपए का पर्सनल लोन पास होने की जानकारी दी। लोन लेने के लिए खाता संख्या सहित अन्य जानकारियां मांगी। इसके बाद अनु उर्फ निशा नाम की युवती ने पंकज को फोन किया।
लोन खाते में ट्रांसफर करने के नाम पर उसने पंकज से खाता संख्या, आधार कार्ड नंबर, बैंक स्टेटमेंट आदि जानकारियां लीं। साथ ही सिटी बैंक के खाते में 30 हजार 999 रुपए जमा कराने को कहा।
इसमें 999 रुपए प्रोसेसिंग चार्ज लेकर 30 हजार रुपए लोन के साथ वापस देना बताया। पंकज ने यह राशि बताए खाते में डाल दी। युवती ने वापस फोन कर आईसीआईसीआई बैंक के इंडियन क्लब नाम के खाते 40 हजार 250 रुपए अतिरिक्त जमा कराने को कहा। साथ ही बताया कि इसमें भी 250 रुपए कटकर 40 हजार वापस मिल जाएंगे। पंकज ने यह राशि भी जमा करा दी। फिर अवनीता राठौड़ नाम की युवती ने फोन कर पंकज को नई दिल्ली के एक बैंक का पता बताया और वहां से लोन राशि लेने का कहा।
नई दिल्ली जाकर पंकज ने बैंक में पड़ताल की तो ठगी का पता चला।
हाथीपोल थाने में पंचवटी निवासी राजेश पुत्र केसर सिंह खमेसरा ने आरपीसी हॉलीडे कम्पनी के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कराई है। आरोप है कि कम्पनी ने बताए प्लान के अनुसार पैकेज नहीं दिया। प्रार्थी ने रिपोर्ट में बताया कि कम्पनी प्रतिनिधि उसकी फैक्ट्री में आए थे। उन्होंने कम्पनी, इसकी वेबसाइट और पैकेज के बारे में बताया। विश्वास में आकर राजेश ने 1 लाख 51 हजार रुपए देकर तीन पैकेज ले लिए। लेकिन कम्पनी ने बताई जानकारी के अनुसार पैकेज नहीं दिए। इसके अलावा कम्पनी के एक्सक्लूसिव प्लान लेने के लिए 65 हजार रुपए जमा कराए और कम्पनी मेम्बर भी बना। इसके बावजूद उसे बताए गए प्लान के पैकेज नहीं दिए गए।