जैन मंदिर से प्रतिमाओं की चोरी से समाज में रोष, प्रदर्शन की चेतावनी
शहरमें घंटाघर के पास बदनोर की हवेली, झड़ियों की ओल स्थित दिगंबर जैन मंदिर से 300 साल पुरानी अष्टधातु निर्मित 15 मूर्तियां चोरी हो जाने से जैन समाज में रोष है। चोरी की वारदात के विरोध में सकल दिगंबर जैन समाज ने रविवार को बैठक रख कर आक्रोश जताया। सोमवार को सकल जैन समाज कलेक्ट्री के बाहर प्रदर्शन कर कलेक्टर रोहित गुप्ता को ज्ञापन देगा। अादिनाथ दिगंबर जैन सोनियों का शिखर मंदिर से मूर्तियां चोरी होने की रिपोर्ट मंदिर के ट्रस्टी हंसमुख मिण्डा ने घंटाघर थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि 24 तीर्थंकर, महावीर स्वामी, पंचपरमेष्ठी, शांति नाथ, चंद्र प्रभु, नेमी नाथ की एक-एक दुर्लभ प्रतिमाएं, पार्श्व नाथ भगवान की तीन, आदिनाथ की एक, पद्मावती की दो और अन्य देवी-देवताओं की तीन मूर्तियां चोरी हो गईं। मंदिर ट्रस्ट के सेठ शांति लाल नागदा ने बताया कि अष्टधातु से बनी सभी प्रतिमाएं दुर्लभ और पुरातत्व महत्व की हैं, जिनकी कीमत का आकलन करना संभव नहीं है। समाज के प्रकाश सिंघवी ने बताया कि प्रतिमाओं के अलावा चांदी के दो छोटे एक बड़ा छत्र अौर यंत्र भी चोरी हो गए थे।
निर्माणकार्य के भराव से चाेर के चढ़ने की आशंका
जैनसमाज के लोगों ने बताया कि मंदिर के पीछे निर्माण कार्य चल रहा है जिसका भराव मंदिर की दीवार से सट कर डाला गया था। इसका फायदा उठा कर चोर के भराव पर चढ़ कर छत पर पहुंचने की आशंका है। छत से मंदिर में उतर कर चोरी करके फरार हो गए। शनिवार सुबह पुजारी भंवर लाल शर्मा सेवा पूजा करने मंदिर में गए तब चोरी का पता चला।