कांग्रेस नेताओं ने की वरुण बाजार के व्यापारियों को राहत देने की मांग
उदयपुर| नगरनिगम बोर्ड के पूर्व नेता प्रतिपक्ष दिनेश श्रीमाली ने सोमवार को निगम आयुक्त सिद्धार्थ सिहाग को पत्र लिखकर वरूण बाजार के दुकानदारों की सीज दुकानें खोलने की मांग की है। श्रीमाली ने बताया कि निगम ने 107 दुकानें सीज तो कर दी, लेकिन उन अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जिनकी अनदेखी के कारण इतना बड़ा निर्माण हुआ। यहीं नहीं 78 दुकानों की रजिस्ट्री भी हो गई और यहां कारोबार भी शुरू हो गया। इसके बावजूद निगम के जिम्मेदारों ने कोई ध्यान नहीं दिया। समय रहते अधिकारी इस निर्माण को रुकवाने ईमानदारी बरतते तो आज यह स्थिति ही नहीं बनती। श्रीमाली ने बताया कि एक व्यक्ति की मेयर के पास सामान्य शिकायत नहीं पहुंचती तो निगम को तो यह पता भी नहीं लग पाता कि आवासीय स्वीकृति की आड़ में बीच शहर में वरूण बाजार खड़ा हो गया। गौरतलब है कि निगम ने शुक्रवार को वरूण बाजार की 107 दुकानों को सीज कर दिया था।