52 लाख से 1194 को मिला गार्गी पुरस्कार
पहलीबार गार्गी और प्रोत्साहन पुरस्कार शुक्रवार को पंचायत स्तर पर दिए गए। इसमें जिले की 1194 प्रतिभावान छात्राओं को 51 लाख 90 हजार के पुरस्कार दिए गए। जिला स्तरीय कार्यक्रम राजस्थान महिला गेलड़ा उच्च माध्यमिक विद्यालय में हुआ। यहां उदयपुर शहर, गिर्वा और कुराबड़ पंचायत समितियों की 814 प्रतिभावान छात्राओं को सांसद अर्जुनलाल मीणा ने पुरस्कार राशि भेंट की।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 11 विद्यार्थियों को 10-10 हजार रुपए के ड्राफ्ट भी दिए गए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद मीणा ने अभिभावकों से बेटियों को हर हाल में स्कूल भेजकर साक्षर बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए बेटियों को साक्षर होना जरूरी है। ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा ने कहा कि आज बेटियां देश ही नहीं, बल्कि दुनिया में नाम कर रही हैं। हमें ऐसी बेटियों और उनके अभिभावकों पर गर्व है जो बेटियों के सपने पूरे करने के लिए हमेशा साथ खड़े रहते हैं। कार्यक्रम को कुराबड़ प्रधान असमा खान और अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र पंचोली ने भी संबोधित किया। डीईओ भरत मेहता ने बताया कि जो छात्राएं कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो पाईं, वे गोवर्धन विलास स्थित डीईओ माध्यमिक प्रथम कार्यालय से पुरस्कार राशि का चेक और प्रमाण पत्र ले सकेंगी।
गार्गी और इंदिरा प्रियदर्शनी पुरस्कार देते सांसद और विधायक।
कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी कुंदनमल पोखरना ने इंदिरा प्रियदर्शनी पुरस्कार की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कक्षा 10वीं 12वीं की टॉपर छात्राओं को क्रमश: 75 हजार और 1 लाख रुपए राशि छात्राओं को उनके खाते पहुंचाई जाती है। इसके लिए पात्र छात्राओं को अपने खाता नंबर की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक प्रथम कार्यालय में जमा करानी होगी।
राजस्थान महिला गेलड़ा स्कूल सभागार में गार्गी और इंदिरा प्रियदर्शनी पुरस्कार लेने पहुंची छात्राएं। भास्कर