शासन सचिव ने राशन दुकानों पर देखी व्यवस्था
खाद्यएवं आपूर्ति विभाग के प्रमुख शासन सचिव सुबोध अग्रवाल शनिवार को उदयपुर पहुंचे। यहां उन्होंने राशन की दुकानों पर हो रही परेशानियों के बारे में विभागीय अधिकारियों से जानकारी ली। अग्रवाल ने शहर आसपास की कुछ राशन दुकानों का निरीक्षण भी किया। वार्ड-1 में नीमच खेड़ा, शोभागपुरा और पुलां की राशन दुकानों में स्थिति देखी। वहां पीओएस मशीन में रही दिक्कतों को लेकर राशन डीलर्स से बात की।
उन्होंने दुकान पर राशन से वंचित उपभोक्ताओं की भी पीड़ा सुनी। उन्हें पता चला कि यहां अभी कई उपभोक्ताओं की ऑनलाइन सीडिंग नहीं हो पाई है और कई जगह मशीनों में तकनीकी समस्या बनी हुई है।
उन्होंने डीएसओ हिम्मत सिंह भाटी से खाद्य सुरक्षा योजना और ऑनलाइन सीडिंग की प्रगति के बारे में जानकारी ली और जिले में प्रभावी निरीक्षण कर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। गौरतलब है 11 फरवरी से उपभोक्ताओं को पीओएस मशीन से ही गेहूं वितरण अनिवार्य कर दिया गया है, लेकिन इसके बाद जिलेभर से विभाग को कई शिकायतें मिल रही हैं।