आठ दिन से लापता चचेरे भाइयों के शव उदयसागर में मिले
आठदिन पहले स्कूल से घर आते समय लापता हुए दो बच्चों के शव शनिवार को उदयसागर के बैक वाटर एरिया से बरामद हुए। वे मटून गांव के थे। बच्चों के शव मिलने की सूचना पर मटून और आसपास के लोग उमड़ पड़े। दोनों चचेरे भाई थे। मटून निवासी गणपत गांछा का पुत्र अनुराग (12) और शंकर गांछा का पुत्र सौम्य (10) के शव शनिवार दोपहर उदयसागर सूखा नाका के बीच झाड़ियों में फंसे मिले। यह क्षेत्र उदयसागर के बैक वाटर का है। अनुराग मटून स्कूल में चौथी सौम्य तीसरी का छात्र था। दोनों चचेरे भाई 6 फरवरी को स्कूल की छुट्टी के बाद गांव के अन्य बच्चों के साथ घर के लिए रवाना हुए थे। शाम तक घर नहीं पहुंचने पर सुखेर पुलिस को गुमशुदगी की रिपोर्ट दी थी। पुलिस ने दो दिन गोताखोरों से झील में बच्चों की तलाश कराई थी। शनिवार दोपहर झाड़ियों में शव फंसे होने की सूचना पर पुलिस ने निकलवाकर एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी भिजवाया।
अनुराग
सौम्य