फलासिया की जगह गलती से सराड़ा के झाड़ोल पहुंच गए अभ्यर्थी, परीक्षा छुटी
उदयपुर. जिलेके कुल 169 केन्द्रों पर हुई पटवारी भर्ती परीक्षा में झाड़ोल (फ.) पंचायत समिति भी केन्द्र था, लेकिन कई अभ्यर्थी सराड़ा पंचायत समिति के झाड़ोल में पहुंच गए। इससे उन्हें परीक्षा से वंचित रहना पड़ा। हालांकि प्रवेश पत्र में झाड़ोल(फ.) अंकित था, लेकिन गलती से परीक्षार्थी सराड़ा पहुंचे। वंचित रहे परीक्षार्थी भीलवाड़ा निवासी जूही शर्मा, बांसवाड़ा निवासी आनंद वैष्णव और लोकेश शर्मा ने बताया कि सराड़ा आकर पता चला कि गलत जगह पहुंच गए हैं। वापस सही केन्द्र पर पहुंचने की कोशिश की, लेकिन तब तक देरी हो चुकी थी। इधर, शहर में कई केन्द्रों पर अभ्यर्थी पहचान पत्र भूल गए। इससे उन्हें प्रवेश नहीं मिल पाया। महिलाओं से ब्रेसलेट, टोप्स, चेन आदि आभूषण उतरवाकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। हालांकि रीट परीक्षा में सख्ती के बाद इस बार काफी हद तक अभ्यर्थी जागरूक दिखे। जिले में कुल 41596 में से 35581 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा दी और 8015 अनुपस्थित रहे।
सड़कों पर बनी जाम की स्थिति
सुबह12 बजे से 3 बजे तक एक पारी में परीक्षा हुई। परीक्षा से पहले और बाद में शहर की सड़कों पर घंटों जाम रहा। कुम्हारों का भट्टा, ठोकर चौराहा, बीएन कॉलेज मार्ग, उदयपोल और प्रतापनगर चौराहों पर यातायात बाधित रहा। देर शाम तक रोडवेज बस स्टेंड और रेलवे स्टेशन पर अभ्यर्थियों की भीड़ जमा थी। उदियापाेल पर शाम 5 बजे तक ट्रैफिक पुलिस ने व्यवस्था संभाली और ट्रैफिक डायवर्ट किया।
साइंसके प्रश्न रहे कठिन
अभ्यर्थियोंकी माने तो इस बार पेपर औसत रहा। भीलवाड़ा निवासी सुमन शर्मा, मंजुल जैन ने बताया कि साइंस बेहद कठिन रही। इसमें सेकंड और सीनियर सैकंडरी स्तर के प्रश्न पूछे गए। इससे थोड़ा आसान सामान्य ज्ञान के प्रश्न थे। हिंदी और तर्क शक्ति के प्रश्न सरल लगे।
बीएन कॉलेज स्थित केंद्र पर पटवारी परीक्षा में अभ्यर्थियों की जांच करते हुए और प्रवेश से पहले जांच कराने लगी कतार।