प्रोफेशनल ड्राइविंग : 5 महिलाओं ने दी ट्रायल
उदयपुर. लेकसिटीमें अब शीघ्र ही महिला ड्राइवर ऑटो और टैक्सी चलाती नजर आएंगी। परिवहन विभाग के \\\"मीरा मिशन\\\' में दुर्गानर्सरी रोड से शनिवार को इसकी ट्रायल शुरू हुई। पिंक कलर की एप्रिन और कैप लगाए 5 महिला ड्राइवरों ने थ्री फोर व्हीलर ड्राइविंग की ट्रायल दी। हालांकि, एक महिला ड्राइवर पहले से ही टेम्पो चला रही हैं, लेकिन अब मीरा मिशन में महिला ड्राइवरों की भागीदारी 15 फीसदी तक करने की तैयारी है।
अब तक 5 महिलाएं इस मिशन से जुड़ी हैं। इनमें मंजू खत्री पिछले 10 साल से शहर में टेम्पो चला रही हैं, लेकिन अब उनकी बेटी रीमा खत्री सहित सीमा कुंवर मीनाक्षी गौड़ भी आगे आई हैं। दीपिका भारद्वाज अपने ड्राइविंग इंस्टीट्यूट में महिलाओं को प्रशिक्षित भी करेंगी। प्रादेशिक परिवहन अधिकारी एमएल रावत ने बताया कि राज्य में सबसे पहले टूरिस्ट सिटी में यह मिशन सफल होता है तो कॉमर्शियल रूप से ऑटो-टेम्पो या टैक्सी की चलाने की इच्छुक महिलाओं को कम ब्याज पर वाहन ऋण, पंजीयन और अन्य शुल्कों में छूट देने की व्यवस्था की जाएगी।मेवाड़ सड़क सुरक्षा समिति के सचिव दीपक मोगरी ने बताया कि करीब 20 महिलाओं ने कॉमर्शियल वाहन चलाने पर सहमति जताई है। उनके लाइसेंस बनने और प्रशिक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वाहन संचालन कराया जाएगा। मुख्यमंत्री से इस के आगाज की योजना है। हमने इसकी पूरी तैयारी कर ली है।