11 लाख की लूट का सरगना भूर सिंह हिंडोन से गिरफ्तार
भींडरकस्बा स्थित अजमेर विद्युत वितरण निगम के सब डिवीजन कार्यालय से सात साल पहले 11 लाख 80 हजार रुपए लुटने के मामले में पुलिस ने मुख्य सरगना भूर सिंह को हिंडौन से गिरफ्तार किया है। एसपी ने इसपर 2 हजार रुपए का इनाम घोषित किया हुआ था।
थानाधिकारी हिमांशु सिंह ने बताया कि उनके थाने के सिपाही रामप्रताप और मुकेश ने करोली पुलिस के सहयोग से डकैत भूर सिंह पुत्र मीठू सिंह मीणा को उसके घर दबिश देकर हिरासत में लिया। भूर सिंह को शुक्रवार सुबह भींडर लाकर कानोड़ कोर्ट में पेश किया गया जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। भूर सिंह ने साथी डकैत टीकम सिंह, राधेश्याम पांडे, भीम सिंह, रामप्रसाद और मनोहर सिंह के साथ करौली से उदयपुर आकर डकैती की योजना बनाई थी।
7 जनवरी 2009 को इन्होंने एवीवीएनएल के चौकीदार गेरू लाल की पिटाई कर बांध दिया था। दफ्तर की अलमारियों में रखे 11 लाख 80 हजार रुपए लूट कर ले गए थे। यह राशि बिजली उपभोक्ताओं के बिल की जमा राशि थी। भूर सिंह के साथी अभियुक्त पूर्व में गिरफ्तार हो चुके हैं।