गर्ल्स हॉस्टलों और कॉलेजों के आसपास से 14 मनचले गिरफ्तार
वैलेंटाइन डे से पहले पुलिस की कार्रवाई
पुलिसथाने हर साल ऑपरेशन रोमियो ठीक वैलेंटाइन डे से पहले चलाते हैं, लेकिन मनचले आए दिन लड़कियों और युवतियों को परेशान करते हैं। यहां तक कि पुलिस ठीक से ऐसे इलाकों में गश्त नहीं करती, जहां से रात को युवतियां अपने वाहनों से या पैदल घर जाती हैं। युवतियों और छात्राओं की मांग है कि पुलिस को अभियान चलाने के बजाय मनचलों की धरपकड़ नियमित करनी चाहिए।
दौड़ा-दौड़ा कर पकड़ा
पुलिसने क्षेत्र में दबिश देकर दो-तीन युवकों को पकड़ा तो बाकी ने भागना शुरू कर दिया। पुलिस के जवान भी युवकों के पीछे दौड़े और उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर पकड़ा। सेवाश्रम चौराहे पर सुबह कई समझ ही नहीं पाए कि आखिर हो क्या रहा है। लड़कों को बाद में पुलिस के ऑपरेशन रोमियो का पता चला।
उदयपुर. गर्ल्स कॉलेज और हॉस्टल के आसपास जमावड़ा लगाने और आती जाती छात्राओं पर फब्तियां कसने वालों की सोमवार को शामत गई। आम तौर पर परेशान महिलाओं और युवतियों की शिकायतें अनसुनी और अनदेखी करने वाली पुलिस वैलेंटाइन डे से ठीक पहले अचानक ही जाग गई। भूपालपुरा पुलिस ने सुबह से ऑपरेशन रोमियो शुरू कर ऐसे युवकों पर कार्रवाई की। पुलिस ने बिना किसी काम इन कॉलेजों और हॉस्टलों के आसपास खड़े युवकों को पकड़ा। इनमें वे भी थे जो युवतियों के आने-जाने का इंतजार कर रहे थे। थानाधिकारी चांदमल ने बताया कि सोमवार से अभियान शुरू किया है। पहले दिन सुभाषनगर, बीएन गर्ल्स कॉलेज और सेवाश्रम के आसपास से 14 युवकों को धारा 151 में गिरफ्तार किया है। इन्हें काेर्ट में पेश कर पाबंद कराया गया है। इनमें अधिकतर आसपास रहने वाले कॉलेज स्टूडेंट हैं। मंगलवार को इन क्षेत्रों सहित अलीपुरा और आयड़ क्षेत्र में भी कार्रवाई की जाएगी। कुछ युवकों का कहना था कि पुलिस वालों ने उन्हें नाहक ही परेशान और अपमानित किया, जबकि उनसे यह तक नहीं पूछा गया कि वे यहां क्यों आए हुए हैं।