फास्फेट मजदूर संघ ने आरएसएमएम के पूर्व कर्मचारी पर लगाए गबन के आरोप
उदयपुर| राजस्थानस्टेट माइंस एंड मिनरल्स प्रबंधन पर टेंडर में करोड़ों के गबन का आरोप लगाने वाले कर्मचारी एसएम अय्यर के खिलाफ अब रॉक फास्फेट मजदूर संघ ने गबन का आरोप लगाया है। रॉक फास्फेट मजदूर संघ (इंटक) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष केके शर्मा ने बताया कि उसका हिसाब अय्यर ने वर्ष 2001 से अब तक नहीं दिया है। संघ के अध्यक्ष सांवरलाल वारी ने आरोप लगाया कि न्यायालय की संघ के खातों पर रोक के बावजूद अय्यर ने एक लाख रुपए खाते से निकाले। एक फर्जी फास्फेट वृक्ष समिति बनाकर लाखों रुपए कर्मचारियों के वेतन से कटवाकर हड़प लिए। इधर, एसएम अय्यर ने संघ के सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि फास्फेट संघ में एक रुपए का गबन नहीं हुआ है। वृक्ष समिति में कर्मचारियों ने अपनी मर्जी से सहयोग दिया था। जिन कर्मचारियों ने मना किया उनका पैसा रिफंड कर दिया था। उन्होंने कार्यरत रहते हुए खाते आदि मैनेजमेंट को सौंप दिए थे। एक ठेकेदार या मजदूर गबन साबित कर दे तो मैं महासचिव पद से इस्तीफा दे दूंगा।