पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

गणगौर घाट पर लेजर शो

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
लेकसिटीकी झीलें गुरुवार रात रोशनी की चकाचौंध में नहाई रहीं। लेक फेस्टिवल के पहले दिन फतहसागर पाल का खास आकर्षण रात को हुए रॉक बैंड की प्रस्तुति रही तो पीछोला में वॉटर कर्टन पर लेजर शो रहा। इससे पहले दिन में ड्रेगन बोट और कयाकिंग केनोइंग पोलो का डेमोंस्ट्रेशन हुआ। इसमें विभिन्न राज्यों से आए करीब 350 प्रतिभागियों ने जोश दिखाया।

चार दिन तक चलने वाले इस फेस्ट में गुरुवार को पीछोला झील में श्रीनाथ जी की आरती हुई। बोट मार्केट लगाया गया। आठ बोटों में ज्वैलरी, पेंटिंग्स, फूलों के गुलदस्ते और सब्जी की दुकानें लगाई गईं। शहरवासियों ने जमकर खरीदारी भी की। उद्घाटन समारोह में पर्यटन विभाग के प्रमुख शासन सचिव शैलेंद्र अग्रवाल ने बताया कि उदयपुर की झीलों में जल्द ही फ्लोटिया शुरू किया जाएगा। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर के सात खिलाड़ियों का सम्मान किया। इनमें हरियाणा के विजेंद्र सिंह, रविंद्र और अरुण नांगल, एमपी के महेश विश्वकर्मा और मनमोहन डांगी, मणिपुर के अरुण सिंह तथा उदयपुर के दिलीपसिंह चौहान शामिल थे। खेलों में दिल्ली, गुजरात, जम्मू कश्मीर, हरियाणा, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, पंजाब, राजस्थान, इंडियन नेवी एवं आईटीबीपी के प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।

इधर, गणगौर घाट पर वाटर कर्टन पर लेजर शो भी बेहद खास रहा। इस तरह का यह आयोजन लेकसिटी में पहला ही था। इसमें महाराणा प्रताप के शौर्य और वीरता के बारे में बताया गया कि कैसे आखिर उन्होंने अकबर की सेना के सामने हल्दी घाटी का युद्ध लड़ते हुए साहस दिखाया तथा उनके घोड़े चेतक ने कैसे साथ दिया था। लेजर शो के दौरान वॉटर कर्टन पर चल रही पानी की चादर पर यह फिल्म दिखाई गई। लेकिन चादर के ठीक सामने होटल्स की चमकती लाइट्स दिखने के कारण फिल्म साफ दिखाई नहीं दी। हालांकि, कार्यक्रम में सुबह से ज्यादा भीड़ जमा हुई।

रोशनी में नहाई खुशियाें की लहरें

खबरें और भी हैं...