चार साल से न्याय के लिए भटक रहा सुरेश
ऋषभदेवनिवासी सुरेश चन्द्र तराटी पिछले चार साल से न्याय के लिए भटक रहा है। उसका दो मंजिला मकान जून 2012 में कुछ लोगों ने तोड़कर जमीन पर कब्जा कर लिया है। सुरेश चन्द्र तराटी ने क्षेत्र के रमेश चंद मेहता, रमन लाल भाणावत, सुंदर लाल भाणावत और राजमल कोठारी पर आरोप लगाया कि यह सभी राजनीति क्षेत्र से जुड़े हैं। यह तराटी और उसके परिवार को डरा धमका रहे हैं। चार साल पहले इनके डर से परिवार ने अपना घर छोड़ा और अब तक फुटपाथ आदि स्थानों पर जीवन जीने को मजबूर हैं। तराटी इसकी शिकायत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार चुके हैं, लेकिन न्याय नहीं मिला है। तराटी ने अक्टूबर 2014 को कलेक्टर को 25 पेज की फाइल पेश की थी। इस फाइल में उन्होंने पानी, बिजली, मकान के फोटो आदि सबूत पेश किए थे। नवंबर में कलेक्टर कार्यालय से उन्हें जानकारी मिली कि उनकी फाइल न्याय विभाग में है। लेकिन न्याय विभाग में कई बार संपर्क करने के बाद भी फाइल की कोई जानकारी नहीं मिली। अगस्त 2014 में ऋषभदेव थाने में शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई और उसे डूंगरपुर जेल में डाल दिया गया। तराटी ने कलेक्टर कार्यालय, न्याय विभाग में आरटीआई लगाकर अपनी फाइल की जानकारी मांगी लेकिन दो महीने बाद भी कोई जानकारी नहीं मिली है।