कलेक्टर ने कहा, उदयपुर स्मार्ट सिटी के लिए धन्यवाद ‘भास्कर’
स्मार्टसिटी योजना में उदयपुर के शामिल होने पर जिला प्रशासन ने दैनिक भास्कर का अहम योगदान माना है। स्मार्ट सिटी योजना की घोषणा होने और उदयपुर का नाम पहली 20 सिटी में शामिल होने तक भास्कर ने नियमित जनजागरूकता अभियान चलाया था। कलेक्टर रोहित गुप्ता ने मंगलवार को भास्कर को पत्र लिखकर भास्कर की ओर से चलाए गए अभियान की सराहना की है। कलेक्टर ने लिखा है कि उदयपुर शहर का नाम स्मार्ट सिटी योजना में शामिल हो, इसके लिए भास्कर में प्रकाशित सकारात्मक खबरों का विशेष योगदान रहा है। उन्होंने इसके लिए आभार भी जताया है। शहर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने जनजागरूकता लाने में भास्कर भविष्य में भी अहम भूमिका निभाएगा।
‘रूबरू’ का विजन डॉक्यूमेंट भी बना रोडमैप
स्मार्टसिटी योजना की घोषणा से पहले भास्कर ने स्मार्ट सिटी काे लेकर डेढ़ माह में 55 वार्डों में रूबरू कार्यक्रम किए थे। इसमें जागरूक शहरवासी, जनप्रतिनिधि और अफसरों ने सिटी को स्मार्ट बनाने के लिए सुझाव दिए। इसका विजन डॉक्यूमेंट बनाया गया। निगम में नया बोर्ड बनने पर भास्कर ने यह विजन डॉक्यूमेंट मेयर चंद्रसिंह कोठारी और आयुक्त हिम्मतसिंह बारहठ को सौंपा गया था। उसके बाद स्मार्ट सिटी को लेकर इस साल निगम ने विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया। उसमें “रूबरू’कार्यक्रम में सामने आए सुझावों को भी अहमियत दी गई।
भास्कर ने ऐसे निभाई सकारात्मक भूमिका
केंद्रीयविकास मंत्रालय ने 27 अगस्त 2015 को स्मार्ट सिटी योजना में राजस्थान से जयपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर शामिल करने की घोषणा की थी। उसके बाद से भास्कर ने सकारात्मक खबरों के रूप में अपनी भूमिका अदा करना शुरू किया था। स्मार्ट सिटी को लेकर भास्कर ने समय-समय पर निगम को यह भी चेताया कि इन बातों का ध्यान नहीं रखा गया तो हम स्मार्ट सिटी की दौड़ में पिछड़ सकते हैं। उसके बाद सुझाव पत्र भरवाने का समय आया तो भास्कर ने जनता के साथ ही जनप्रतिनिधियों को भी उनकी जिम्मेदारी याद दिलाई। उसका नतीजा यह हुआ कि 64 हजार लोगाें ने ऑफ लाइन और 63 हजार ने ऑनलाइन सुझाव देकर स्मार्ट सिटी योजना में पहले 20 शहरों में उदयपुर को शामिल करवाने में अहम भूमिका निभाई।