मां-बाड़ी केन्द्रों पर 65 शिक्षक सीख रहे आधुनिक शिक्षा के गुर
उदयपुर | जनजातिबहुल क्षेत्रों में बच्चों को पढ़ाने के लिए मां बाड़ी केंद्रों के डूंगरपुर और उदयपुर के 65 शिक्षकों को 6 दिवसीय प्रशिक्षण 8 फरवरी से दिया जा रहा है। कल्प संस्था की ओर से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग और यूनिसेफ की स्वच्छ परियोजना के उदयपुर मां बाड़ी प्रभारी डॉ. शरद पाठक ने बताया कि इन क्षेत्रों में जहां भी 1 किमी के दायरे में सरकारी स्कूल नहीं है। वहां मां बाड़ी केंद्र चलाए जा रहे हैं। इन केन्द्रों पर 6 से 12 साल तक के करीब 50 हजार बच्चों को शिक्षा देने का लक्ष्य रखा गया है। ये केंद्र राज्य के 9 आदिवासी बहुल जिलों में चल रहे हैं। शिक्षा के दौरान बच्चों को खाने-पीने, शिक्षण सामग्री आदि देने की व्यवस्था भी की गई है। यूनिसेफ के गुणवत्ता शिक्षा सलाहकार रवि राज दयाल, डाॅ. ओम प्रकाश कुलहरि ने बताया कि शिक्षकों को सीखने-सिखाने के नुस्खे आधुनिक तरीकों से बताए जा रहे हैं ताकि वे बच्चों को बेहतर ढंग से शिक्षा प्रदान करा सकें।