परीक्षा-कक्ष में नहीं लगेगी विद्यार्थियों के सगे-संबंधी कर्मचारियों की ड्यूटी
उदयपुर | कॉलेजशिक्षा विभाग ने यूनिवर्सिटी और कॉलेजों में होने वाले परीक्षाओं के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। कॉलेजों में सगे-संबंधियों के परीक्षा केंद्रों पर प्रश्न पत्र व्यवस्था समिति और संबंधित परीक्षा कक्ष में भी अधिकारियों और कार्मिकों की ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी।
आयुक्तालय ने निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों का उपयोग करते हुए पकड़े जाने पर कॉलेज छात्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराए। नकल करते हुए पकड़े जाने वाले छात्रों के नाम कॉलेज शिक्षा विभाग को भेजे जाएंगे। हर परीक्षा कक्ष में कम से कम एक निरीक्षक कॉलेज का होना चाहिए। आयुक्तालय ने कहा है कि अगर स्टाफ की संख्या कम हो तो रिटायर्ड व्याख्याता, प्रयोगशाला सहायकों, मंत्रालयिक और लेखा शाखा अधिकारियों को भी परीक्षा कार्य में लगाया जा सकता है। गर्मी की छुट्टियों के दौरान वीक्षण कार्य के लिए व्याख्याताओं को रोकने पर राजस्थान सेवा नियम के तहत लाभ देना सुनिश्चित करना होगा।