पापा, मैंने मजदूर से प्रेम विवाह किया है, जीने दो-आत्महत्या नहीं करना चाहते
उदयपुर| घोड़ासरकी प्रेमलता इन दिनों अपने मजदूर पति के साथ मारी-मारी फिर रही है। वह पुलिस के अधिकारियों से सुरक्षा की मांग कर रही है। उसका कुसूर यह है कि उसने अपने मजदूर प्रेमी से शादी की। खास बात ये है कि इन दोनों की जाति मीणा ही है। पिता सिर्फ इस बात से नाराज हैं कि उनकी बेटी ने मेहनत मजदूरी करने वाले एक लड़के से शादी कर ली।
किसी अज्ञात जगह से प्रेमलता ने मंगलवार को इस संवाददाता से कहा कि उसने 25 जनवरी को प्रवीण नामक एक युवक से शादी कर ली। वह उससे प्रेम करती है और प्रवीण के साथ खुश है। वह अब अपने ससुराल मसारों की ओबरी जाना चाहती है, लेकिन वहीं सेमारी थाना है, जहां उसके पिता कांस्टेबल हैं। उसे डर है कि नाराज पिता अपने बेटी-दामाद को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
प्रेमलता ने कहा कि जिला कलेक्टर या जिला पुलिस अधीक्षक उसे यह राहत दिला सकते हैं। इसके अभाव में कभी भी उसकी और उसके पति की ऑनर किलिंग हो सकती है। वे मानवाधिकार आयोग और अन्य स्तरों पर भी अपील कर चुके हैं और लेकिन अभी भी भय का माहौल बना हुआ है। उनके पास जितने पैसे थे,वे भी खत्म हो चुके हैं। वे आत्महत्या नहीं करना चाहते। वे मेहनत मजदूरी करके अच्छा जीवन जीना चाहते हैं।