पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Udaipur
  • लहरों पर राग और रॉक म्युजिक की सिंफनी, 14 देशों के 100 कलाकार आएंगे

लेकसिटी मे शुरु हुआ लेक फेस्टिवल, 14 देशों के 100 कलाकार करेंगे शिरकत

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
उदयपुर। महीनों की तैयारियों के बाद लेकसिटी में गुरुवार को पहला लेक फेस्टिवल शुरू हुआ। रोशनी की चकाचौंध में झीलें तैरती दिखीं। रॉक बैंड की प्रस्तुति शुरू हुई तो लहरों पर रॉक म्युजिक और राग का संगम भी हुआ। इससे पहले दिन भर ड्रेगन बोट और कयाकिंग व केनोइंग पोलो का डेमोंस्ट्रेशन हुआ और पतंगबाजी हुई। लेक फेस्टिवल में पहला दिन का खास आकर्षण रात को हुए रॉक बैंड की प्रस्तुति और वॉटर कर्टन पर लेजर शो रहा। फतहसागर के बंबइया बाजार की बंसियों से करीब 25 फीट दूरी पर फ्लोटिंग स्टेज बना था। इस पर इंडियन ओसियन बैंड की धमाकेदार प्रस्तुति ने युवाओं का दिल जीत लिया। युवाओं में रॉक बैंड का क्रेज इस कदर था कि बार-बार “वंस मोर’ बोल नए गानों की फरमाइश कर रहे थे। बैंड के सदस्यों ने दर्शकों से गजब की जुगलबंदी बना ली थी। जैसे ही वो ड्रम की बीट्स बजाते वैसे ही दर्शक तालियों से उनका साथ देते। यह सिलसिला काफी देर तक चला। रॉक बैंड के राहुल राम की उंगलियां तो जैसे गिटार पर नाच रही थी। बैंड ने मसान फिल्म के गाने भी गाए।
आठ बोट में सजी फ्लोटिंग दुकानें
चार दिन तक चलने वाले इस फेस्ट में गुरुवार को ड्रेगन बोट और कयाकिंग व केनोइंग पोलो का डेमोंस्ट्रेशन हुआ। पीछोला झील में श्रीनाथ जी की आरती हुई। बोट मार्केट लगाया गया। आठ बोट में ज्वैलरी, पेंटिंग्स, फूलों के गुलदस्ते और सब्जी की दुकानें लगीं।
गणगौर घाट पर लेजर शो
इधर, गणगौर घाट पर वाटर कर्टन पर लेजर शो भी बेहद खास रहा। इस तरह का यह आयोजन लेकसिटी में पहला ही था। इसमें महाराणा प्रताप के शौर्य और वीरता के बारे में बताया गया कि कैसे आखिर उन्होंने अकबर की सेना के सामने हल्दी घाटी का युद्ध लड़ते हुए साहस दिखाया तथा उनके घोड़े चेतक ने कैसे साथ दिया था। लेजर शो के दौरान वॉटर कर्टन पर चल रही पानी की चादर पर यह फिल्म दिखाई गई। लेकिन चादर के ठीक सामने होटल्स की चमकती लाइट्स दिखने के कारण फिल्म साफ दिखाई नहीं दी। हालांकि, कार्यक्रम में सुबह से ज्यादा भीड़ जमा हुई।
14 देशों के 100 कलाकार आएंगे
लेकसिटी में 13-14 फरवरी को वर्ल्ड म्युजिकल फेस्टिवल में भारत सहित 14 देशों के कलाकार संगीत का जादू बिखेरेंगे। प्रशासन ने इसकी तैयारी तेज कर दी है। सभी कार्यक्रम में लोगों का प्रवेश निशुल्क रहेगा। दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक फतहसागर और शाम 6 से रात्रि 10 बजे तक रेलवे ट्रेनिंग मैदान पर कार्यक्रम होंगे। कार्यक्रम से जुड़े संजीव भार्गव ने बताया कि भारत एवं स्पेन के 60 वर्ष के रिश्तों को और मजबूती प्रदान करने की दिशा में यह कार्यक्रम अहम हिस्सा बनेगा। इस मौके पर अंतरराष्ट्रीय ए ग्रेड आर्टिस्ट दक्षिण अफ्रीका आईवरी कोस्ट के ‘डोबेट ज्ञानो रे’ भारत के रघु दीक्षित प्रोजेक्ट व पेपोन ग्रुप की प्रस्तुतियां भी शामिल की जा रही हैं। मेयर, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने गुरुवार को तैयारियों का जायजा लिया।
खबरें और भी हैं...