उदयपुर। संभाग की अदालतों का निरीक्षण करने राजस्थान हाइकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश अजीत सिंह शुक्रवार को उदयपुर पहुंचे। यहां उनसे बार वकीलों ने मुलाकात कर हाईकोर्ट बैंच की स्थापना और न्यायालय परिसर में पार्किंग स्थल विस्तार की मांग की।
मुख्य न्यायाधीश के अदालत परिसर में पहुंचने पर बार एसोसिएशन अध्यक्ष भरत जोशी के नेतृत्व में सीनियर वकीलों के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। यहां अधिवक्ताओं ने परिसर की समस्याओं को लेकर चर्चा की। जोशी ने कोर्ट कैंपस में वकीलों, न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों और पक्षकारों के वाहन खड़े करने में हो रही दिक्कत बताते हुए डीजे का बंगला मान भवन का अधिग्रहण करने और गिर्वा तहसील कार्यालय और कलेक्टर बंगला कोर्ट कैंपस में शामिल करने की मांग की।
हाईकोर्ट बैंच संघर्ष समिति ने सीजे काे 35 साल से चल रहे आंदोलन की जानकारी देते हुए मेवाड़ की जनता को राहत देने की मांग की। संघर्ष समिति के संयोजक और विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष शांति लाल चपलोत ने बताया कि यह मांग सिर्फ वकीलों या संपन्न लोगों की नहीं, संभाग के छह जिलों के गरीब आदिवासियों को न्याय के हक की लड़ाई है। प्रतिनिधिमंडल में संघर्ष समिति के महामंत्री अरुण व्यास, बार महासचिव राम लाल जाट, फतह लाल नागौरी, गौतम लाल सिरोया, श्याम सुंदर शर्मा आदि मौजूद थे।