सुमेरपुर (पाली). जवाई बांध से सिंचाई के लिए चौथी व अंतिम पाण का पानी अचानक बंद करने से गुस्साए किसानों का पिछले तीन दिन से चल रहे आंदोलन का लंबी वार्ताओं के बाद बुधवार को शाम को समझौता हो गया। अब किसानों को 5 दिन के लिए 200 एमसीएफटी पानी सिंचाई के लिए मिलेगा।
किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष जयेंद्रसिंह गलथनी के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन की गंभीरता का देखते हुए राज्य सरकार के उपमुख्य संचेतक मदन राठौड़ व आहोर विधायक शंकरसिंह राजपुरोहित बुधवार को सुमेरपुर पहुंचे और जिला कलक्टर कुमार गौतम, पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव व सिंचाई एवं जलदाय विभाग के आला अधिकारियों के साथ कृषि अनुसंधान केंद्र के विश्राम गृह में बैठक कर किसानों के हक में हल निकालने के लिए मंथन किया। तत्पश्चात किसानों के साथ दो दौर की वार्ता कर देर शाम को समझौता करवाया।
पहले रामनगर में पड़ाव, फिर जवाई कूच
किसान आंदोलन में प्रशासन व जनप्रतिनिधियों द्वारा बुधवार को तीसरे दिन भी किसानों से मान मनवार का दौर चला। रामनगर में रात्रि पड़ाव डाल कर बैठे किसानों ने सवेरे 10 जवाई बांध की ओर कूच पर लिया। ऐसे में उपखंड अधिकारी महिपाल भारद्वाज व डीएसपी अमरसिंह चंपावत ने रास्ते में कई बार समझाइश की, लेकिन किसान मानने को तैयार नहीं हुए।
दोपहर तक किसान जवाई गांव तक पहुंच गए और एसडीएम भारद्वाज ने वहां पहुंचकर किसानों को उपमुख्य संचेतक के सुमेरपुर पहुंचने व वार्ता के लिए किसानों को आमंत्रित करने की सूचना दी। जिस किसानों ने जवाई बांध रेल्वे स्टेशन तिराहे पर पड़ाव डाल दिया और एक प्रतिनिधि मंडल वार्ता के लिए रवाना हो गया।
दो किसानों ने किया आत्महत्या का प्रयास
जवाई बांध रोड पर गलथनी के समीप दो किसानों ने पेड़ से कूद कर आत्महत्या प्रयास किया। इससे प्रशासन के हाथ पांव फुल गए। जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों ने समझाइश कर दोनों को नीचे उतारा।
आगे की स्लाइड्स में देखिए फोटो...