उदयपुर। नगर निगम बोर्ड की शुक्रवार को हुई बैठक में वरुण बाजा सीज करने का मुद्दा छाया रहा। गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने साफ कर दिया है कि वरुण बाजार सीज ही रहेगा। यह तो शुरुआत है, अभी और कई लोग लपेटे में आएंगे। निगम के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। नगर निगम बोर्ड की बैठक पूर्व वरुण बाजार के दुकानदारों ने परिवार के साथ सुखाड़िया रंगमंच के बाहर खड़े होकर जनप्रतिनिधियों काे पुष्प भेंट कर बैठक मेंं उनका पक्ष रखने की गुहार लगाई थी।
भाजपा पार्षद पारस सिंघवी ने कहा कि दुकानदारों का कोई दोष नहीं है। बीच शहर में 15 फीट रोड पर हीरा पन्ना मार्केट चल रहा। निगम को वह नजर क्यों नहीं आया। कुछ और पार्षद सिंघवी के साथ हुए तो कटारिया ने कहा कि ऊंची आवाज में बोलेंगे तो भी वरुण बाजार हम खोलने वाले नहीं है। इस मामले में बोर्ड बैठक में कोई निर्णय नहीं हो सकता। दुकानदार टाइटल देख पैसा लगाते,उनको भी थोड़ा झटका लगने दो। मेयर चंद्रसिंह कोठारी ने कहा कि नियमानुसार ही कार्रवाई की है। नेता प्रतिपक्ष मोहसीन खान ने यह सवाल भी उठाया कि पिछले बोर्ड के कार्यकाल में चंद्रसिंह कोठारी शहर भाजपा की ओर से निगम के प्रभारी थे। उस वक्त वरुण बाजार पर नजर क्यों नहीं पड़ी। भवन अनुमति समिति अध्यक्ष हंसा माली ने कहा कि अब समिति नियमित मॉनिटरिंग करेगी। बैठक में आयुक्त सिद्धार्थ शर्मा,ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा और डिप्टी मेयर लोकेश द्विवेदी भी मौजूद थे।
जलदाय विभाग फिर कटारिया के निशाने पर
जलदाय मंत्री किरण माहेश्वरी का विभाग शुक्रवार को फिर कटारिया के निशाने पर रहा। कटारिया ने कहा कि पीएचईडी का तो ढर्रा ही बन चुका है। झीलें भरी हुई हैं उसके बावजूद कई जगह पानी नहीं पहुंच रहा। पेयजल मामले में हम सिर्फ इस विभाग के भरोसे नहीं रह सकते। निगम और यूआईटी भी बजट प्रावधान रखे।
कटारिया ने दिया यह टारगेट
कटारिया ने कहा कि नाड़ाखाड़ा पार्किंग स्थल को लखारा चौक क्षेत्र से सीधा जोड़ने और डोर टू डोर कचरा संग्रहण का काम एक साल में हो जाए। आयड़ नदी पेटे में दोनों तरफ कच्ची नाली बनाओ, शहर में पुष्प उद्यान, पार्किंग,स्टेट ग्रांट के पट्टे जारी करो। एलिवेटेड रोड का काम शुरू करने, रात्रिकालीन बाजार विकसित करने और आयड़ पुलिया चौड़ा करने पर भी जोर दिया।
अवैध निर्माण की जननी को ढूंढेंगे
नेता प्रतिपक्ष मोहसीन खान, निर्दलीय पार्षद नजमा मेवाफरोश,भाजपा पार्षद जगत नागदा और रेहाना जर्मनवाला ने वरुण बाजार के जिम्मेदार अधिकारियों को लेकर सवाल उठाया। कटारिया ने कहा कि हम तो अवैध निर्माण की जननी को भी ढूंढ़ निकालेंगे। जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
नेता प्रतिपक्ष ने कसा तंज, मेयर ने दिया जवाब
नेता प्रतिपक्ष मोहसीन खान ने मेयर चंद्रसिंह कोठारी पर तंज कसते हुए कहा कि आप तो लाल बत्ती की कार में बैठ निकल जाते हैं। इस कारण आपको समस्या नजर नहीं आती। इस पर मेयर ने कहा: लाल बत्ती के लिए मेहनत करनी पड़ती है, यूं ही नहीं मिल जाती।
बैठक में यह भी रहा खास
> प्रस्तावित पासपोर्ट केंद्र का नाम महाराणा प्रताप और टाउनहाल में ऑडिटोरियम का नाम दीनदयाल उपाध्याय के नाम करने का प्रस्ताव पास।
> पार्षदों ने सुझाव दिया कि शहर में कई समाजों के नोहरे को पार्किंग के काम लिया जा सकता है।
> स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष ओम चित्तौड़ा ने कहा कि गृहमंत्री कटारिया का सपना है कि आयड़ वेनिस की तरह खूबसूरत दिखे। कटारिया ने बीच में कहा कि हम वेनिस से नहीं वेनिस हमसे सीखे। यह सोच रखकर काम करो।
> पार्षद रेहाना जर्मनवाला ने पार्षदों का भत्ता 10-12 हजार रुपए प्रति माह करने का प्रस्ताव रखा। अधिकांश पार्षद इसके समर्थन में आए,मगर कटारिया ने साफ कर दिया कि यह राज्य सरकार के स्तर का मामला है।
> पार्षदों ने सवाल उठाया कि हमने दो पार्षदों को यूआईटी में न्यासी मनोनीत कर भेजा उनके
प्रस्ताव का राज्य सरकार अनुमोदन कब तक करेगी।