उदयपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने गुरुवार को शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष पर गोपाल शर्मा को नियुक्त किया है। छह माह से कार्यवाहक अध्यक्ष पद संभाल रही नीलिमा सुखाड़िया की जगह पार्टी की शहर में कमान गोपाल शर्मा संभालेंगे। इसके साथ ही शहर उपाध्यक्ष पंकज शर्मा को पीसीसी में सचिव नियुक्त किया है।
दोनों पदों पर ब्राह्मण नेताओं की नियुक्ति पर प्रदेशाध्यक्ष पायलट ने शहर में बिखरे हुए कार्यकर्ताओं को एकजुट और मजबूत करने की उम्मीद जताई है। नए अध्यक्ष की घोषणा के साथ शर्मा के निवास पर कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लग गया। चेतक सर्कल पर शाम को कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर खुशी जाहिर की। गोपाल शर्मा इससे पहले पिछले पांच साल से प्रदेश सचिव पद थे। दूसरी तरफ निवृतमान शहर जिलाध्यक्ष नीलिमा सुखाड़िया को छह माह पूर्व प्रदेश सचिव बना दिया गया था।