उदयपुर. मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की शनिवार को उदयपुर यात्रा के दौरान स्थानीय भाजपा नेताओं ने भले ही उत्साह के साथ वसुंधरा का स्वागत किया, लेकिन वे इस दौरान दूरियां बनाकर खड़े नजर आए। राजे ने कहा कि हमारी कोशिश है कि पर्यटन स्थलों से पर्यटक आकर्षित हो। इसके लिए जयपुर में लिट्रेचर फेस्टिवल और अब उदयपुर में वर्ल्ड म्यूजिक फेस्टिवल रखा है।
सीएम का शानदार स्वागत
मुख्यमंत्री शनिवार दोपहर 2.56 बजे शोभागपुरा क्षेत्र मेंं होटल एंबियंस के सामने तैयार अस्थाई हेलिपेड पर उतरीं। भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने हेलिपैड पर मुख्यमंत्री का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। हालांकि कहने को पार्टी नेता एक ही परिसर में और एक ही उद्देश्य से मौजूद थे, लेकिन ये दूरियां बनाकर खड़े नजर आए। मुख्यमंत्री पास ही स्थित होटल पहुंचीं और प्री-बजट बैठक लीं।
इन्होंने किया स्वागत
स्वागत करने वालों में मेयर चंद्रसिंह कोठारी, भाजपा के देहात अध्यक्ष गुणवंतसिंह झाला, सांसद सीपी जोशी, अर्जुन मीणा, हरिओमसिंह राठौड़, मानशंकर निनामा, प्रदेश उपाध्यक्ष चुन्नी लाल गरासिया, मांगीलाल जोशी और राज्य जनजाति अायाेग अध्यक्ष प्रकृति खराड़ी भी शामिल थे।
पार्षद नजर नहीं आए
मुख्यमंत्री के स्वागत में हेलिपैड पर कोई भी पार्षद नजर नहीं अाया। डिप्टी मेयर भी नहीं पहुंचे। इधर, महिला मोर्चा से भी कोई पदाधिकारी मुख्यमंत्री की अगवानी करने नहीं पहुंचा। इधर, परिचय देने के बावजूद सुरक्षा जवानों ने भाजपा नेता मांगीलाल जोशी को हेलिपैड स्थल पर जाने नहीं दिया। नाराज होकर जाेशी घर के लिए रवाना हो गए। बाद में किरण माहेश्वरी ने फोन कर जोशी को वापस बुलाया।
सुरक्षा का जिम्मा भूले, बातों में मशगूल होकर रह गए
सीएम के आने और प्री-बजट बैठक में जाने तक सुरक्षा कर्मी सक्रिय रहे, लेकिन जैसे-जैसे समय बीतता गया वैसे-वैसे स्थितियां विपरीत होती गईं। सुरक्षा में लगे कई पुलिस अधिकारी जहां भाजपा नेताओंं के साथ हंसी मजाक करने लगे और राजनीतिक चर्चा करने में मशगूल हो गए, वहीं दूसरी तरफ सिविल ड्रेस में पुलिस कर्मियों ने तो ड्यूटी प्वाइंट ही छोड़ दिया। सुरक्षा व्यवस्था में लगे कई लोग पेड़ की छांव में छा पहुंचे। इस कारण कई लोग मौका पाकर होटल के पास पहुंच गए। बाद में व्यवस्था बिगड़ती देख डिप्टी रानू शर्मा हरकत में आईं और सभी को चेताया।
निर्दलीय विधायक भींडर भी प्री-बजट बैठक में आमंत्रित
भाजपा से बगावत कर वल्लभनगर से निर्दलीय विधायक बने रणधीर सिंह भींडर को भी प्री बजट बैठक मेें बुलाया गया है। भींडर को भाजपा शहर जिलाध्यक्ष दिनेश भट्ट ने सूचना दी है। इसके अलावा मुख्यमंत्री कार्यालय से भी उनको बैठक में शामिल होने को आमंत्रित किया गया है।
मुख्यमंत्री से की भेंट
आरपीएससी से चुनी गईं उर्दू एवं होम साइंस व्याख्याताओं के प्रतिनिधिमंडल ने नूरजहां बानो के साथ मुख्यमंत्री से भेंट कर राजकीय व्याख्याता का पद देने की मांग की। इधर, महाराजा सूरजमल फाउंडेशन के सदस्याें ने भी मुख्यमंत्री से भेंट की।
दिख गई दूरियां
जलदाय मंत्री किरण माहेश्वरी और उनके समर्थक एक साथ पहुंचे। निर्दलीय विधायक रणधीर सिंह भींडर उनकी पत्नी दीपेंद्र कुंवर, पूर्व उपसभापति वीरेंद्र बापना, पूर्व डिप्टी मेयर महेंद्रसिंह शेखावत, गुरप्रीत सोनी भी इसमें शामिल थे। इनकी गुफ्तगू के बीच ही कुछ समय बाद गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया, शहर जिलाध्यक्ष दिनेश भट्ट, जिला प्रमुख शांतिलाल मेघवाल और ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा एक साथ पहुंचे।
अलग-अलग बैठे रहे नेता
कटारिया रुकने की बजाय जिलाध्यक्ष, प्रमुख और ग्रामीण विधायक के साथ हेलिपैड स्थल की पूर्वी दिशा में जाकर कुर्सियां लगाकर अलग से बैठे रहे। इधर कुंभलगढ़ विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़ सबसे अलग अकेले बैठे दिखे। मुख्यमंत्री के हेलिपैड पर उतरने के बाद कटारिया उठकर आए, मगर वे मुख्यमंत्री की अगवानी करने बहुत देर बाद आगे आए। कटारिया यह तर्क देते रहे अपने को भीड़ में नहीं जाना। यह नजारा यहां मौजूद जनप्रतिनिधियों में ही नहीं अधिकारियों में भी चर्चा का विषय बना रहा।
आगे की स्लाइड्स में देखें फोटोज