उदयपुर. डबोक स्थित महाराणा प्रताप एयरपोर्ट पर तीन दिन पहले धमकी भरा फोन करने वाला आसाराम समर्थक बुधवार को पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उदयपुर से रायबरेली गई पुलिस आरोपी को उदयपुर ला रही है। आरोपी नशे का आदी भी है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का नाम रामबाबू है, लेकिन वो ज्यादा कुछ बता नहीं रहा है।
पता चला है कि उसके पिता डबोक क्षेत्र में ही किसी फैक्ट्री में काम करते थे तब रामबाबू भी यही रह चुका है। कुछ सालों पहले ही परिवार रायबरेली शिफ्ट हो गया है। जिस
मोबाइल से फोन किया गया था वो सिम फोन धर्मेंद्र के नाम थी। एसपी अजयपाल लांबा ने बताया कि आरोपी को उदयपुर लाने के बाद पता लगाया जाएगा कि सिम का मालिक धर्मेंद्र वो ही है या कोई आैर है।
यह है मामला
डबोक एयरपोर्ट के एटीसी टावर पर तीन दिन पहले धमकी भरा फोन किया था। जिसमें धमकी दी गई थी कि आसाराम को पंद्रह दिनों में रिहा करो नहीं तो एयर इंडिया की उड़ाने नहीं देंगे...। देश में तबाही मचाने की धमकी भी दी थी। इसके बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।