पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Changing ATM Card Racket Arrested Crooks

मावली में हिसार का गिरोह :एटीएम कार्ड बदलने वाले गिरोह का बदमाश गिरफ्तार

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मावली. एटीएम में कैश निकालने वालों के पासवर्ड देखने के बाद धोखे से एटीएम कार्ड बदलने वाली हरियाणा की शातिर गैंग का एक आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। गिरोह के तीन युवक कार लेकर रविवार सुबह कस्बे में वारदात करने आए थे। पुलिस गिरफ्त में आया युवक एटीएम से एक व्यक्ति का एटीएम कार्ड बदलकर भाग रहा था कि लोगों ने पकड़ लिया। उसके दो साथियों का पुलिस ने करीब 15 किमी पीछा किया, लेकिन वे चंगेड़ी के पास खेत के रास्ते पर कार छोड़कर भाग निकले। अंतरराज्यीय गैंग से और भी मामले खुलने की संभावना है।

पुलिस ने बताया कि हरियाणा के हिसार जिले में राजथल निवासी सोनूकुमार पुत्र पालेराम सांसी को पकड़ा गया है। उसके साथी भिवानी जिले में बरकी निवासी मनजीत व संदीप पुत्र विजयसिंह फरार हैं। सोनू से विभिन्न बैंकों के 18 डमी एटीएम कार्ड मिले हैं। गिरोह सभी बैंकों के एटीएम कार्ड रखता है, जिनसे राशि नहीं निकाली जा सकती है। पुलिस ने हरियाणा पासिंग की कार बरामद करने के साथ जांच शुरू कर दी है।
लोगों ने दिखाई हिम्मत
ताणा (आकोला) निवासी भंवर सिंह सुबह मुख्य चौराहे पर एसबीबीजे के एटीएम पर पहुंचा था। एटीएम में दो युवक पहले से थे। भंवरसिंह ने बैंक ऑफ बड़ौदा के कार्ड से अपने खाते का बैलेंस देखा, तो 77 हजार की स्लिप आई। इस बीच दोनों बदमाशों ने बातों में ध्यान बंटाकर भंवरसिंह को बैंक ऑफ बड़ौदा का दूसरा कार्ड थमाया और भाग गए। कार्ड पर दूसरे का नाम देख भंवरसिंह शोर मचाते हुए दौड़ पड़ा। इस बीच सड़क किनारे कार लिए खड़ा तीसरा युवक एक साथी को बैठाकर भाग निकला, तीसरे को लोगों ने दबोच लिया।
यूं करते हैं धोखाधड़ी
गिरोह कारों में धोखाधड़ी करने आता है। ये पहले से एटीएम में मौजूद रहते हैं। पैसा निकालने के लिए आने वालों के चोरी छिपे पासवर्ड देख लेते हैं, इसके बाद धोखे से एटीएम कार्ड बदल देते हैं। आरोपी ग्राहक के हाथ में उसी बैंक व उसी रंग का एटीएम कार्ड थमा देते हैं। इनका एक सदस्य पास ही कार लेकर खड़ा रहता है। वारदात के बाद तुरंत वाहन में बैठकर मौके से भाग जाते हैं। इसके बाद अगले एटीएम से पैसा निकाल लेते हैं।
पांच दिन से राजस्थान में है गिरोह
थानाधिकारी के अनुसार गिरोह के बदमाश पांच दिन पहले राजस्थान सीमा में घुसे थे। ये बीकानेर, जोधपुर, सिरोही, नागौर, राजसमंद होते हुए मावली पहुंचे हैं। पुलिस को आरोपियों से राजस्थान में पिछले दिनों में एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी की और भी वारदातें खुलने की संभावना है।
चंगेड़ी रोड पर मिली कार
मावली चौराहे से बदमाश कार में फतहनगर हाईवे की ओर भाग गए। सूचना मिलते ही थानाधिकारी लीलाधर मालवीय ने उनका पीछा शुरू कर दिया। फतहनगर में भी नाकाबंदी करवा दी गई, जहां थाना हाईवे पर ही है। जाप्ते को देख बदमाश फतहनगर कस्बे में घुस गए और बाजार से होते हुए चंगेड़ी रोड की तरफ भाग निकले। यहां खेत के पास कार खड़ी कर वे खेतों में ओझल हो गए। मावली व फतहनगर पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से खेतों में दो घंटे तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन वे हाथ नहीं लगे।
सजगता से टल गई वारदात
प्रार्थी भंवरसिंह राणावत की सजगता से 77 हजार रुपए बच गए। बदमाश एटीएम कार्ड बदलते ही बाहर निकले तभी भंवरसिंह ने अपना एटीएम कार्ड देखा तो इस पर शंकरदास वैष्णव का नाम लिखा था, उसे धोखे की भनक लगी तो आरोपियों के पीछे दौड़ पड़ा।