उदयपुर। हर दिन पांव पसार रहे स्वाइन फ्लू के खिलाफ शहर एकजुट हुआ है। स्वास्थ्य और आयुर्वेद विभागों की कोशिशों के बीच एक दर्जन से ज्यादा सामाजिक, शैक्षणिक, व्यापारिक व अन्य संस्था-संगठन इस पर काबू पाने के लिए जुटे हैं।
रविवार काे जगह-जगह शिविरों में 46 हजार सहित तीन दिन में 78 हजार लोगों को काढ़ा पिलाया गया। साथ ही रोग के प्रति जागरूक भी किया गया। एकजुटता का भी यह पहला मौका नहीं है। इससे पहले हजारों लोगों ने रक्तदान कर ब्लड बैंक में ब्लड की कमी पूरी की थी।
ये बने अगुवा : तेरापंथ युवक परिषद, तैलिक साहू समाज, आर्य समाज, गुरुद्वारा सचखंड दरबार, नीमच खेड़ा-देवाली व्यापार मंडल, सूरजपोल व्यापार मंडल, सब्जी फ्रूट मंडी एसोसिएशन, झूलेलाल सेवा समिति, गुलामाने मुस्तफा वेलफेयर सोसायटी, शूल धारिणी सेना, शिव सेना, राष्ट्रीय हिंदू परिषद, भारतीय जनजागरण समिति, कॉमर्स कॉलेज, चांदपोल सेवा समिति आदि।
अस्पताल में आईं 5 हजार दवाइयां और 70 वैक्सीन
स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए एमबी अस्पताल के वार्ड में दवाइयों का एक और लॉट आया है। डॉ. महेश दवे ने बताया कि में रविवार को 75 एमएल की 5 हजार दवाइयां और आ गई हैं। इसके अलावा आने वाले दिनों में 5 हजार का और भी लॉट आने वाले हैं। वार्ड में रविवार को 70 वैक्सीन भी आईं। प्राथमिकता के आधार पर रेजिडेंट डॉक्टर्स, प्रोफेसर्स, अधीक्षक व प्राचार्य को ये टीके लगेंगे। इससे पूर्व 20 वैक्सीन नर्सिंग स्टाफ, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी व स्वीपर्स को लगाई थी। वार्ड व आईसीयू में इंफेक्शन जानने के लिए सैंपल भी माइक्रोबायोलॉजी लेब में नमूने भेजे गए हैं।
आज यहां वितरण
> लायंस क्लब हिरणमगरी एवं नीलांजना की ओर से जवाहर जैन स्कूल-सेक्टर 11 में, सुबह 9 बजे से।
> देव्यांशी आयुर्वेद व पंचकर्म अस्पताल-सेक्टर 5 में, सुबह 9 से 11 बजे तक।
> सब्जी फ्रूट मंडी एसोसिएशन व झूलेलाल सेवा समिति की ओर से सवीना सब्जी मंडी में, सुबह 9 से 2 बजे तक।
> गुलामाने मुस्तफा सोसायटी की ओर से खेमपुरा चौराहा पर, दोपहर 12 से 3 बजे तक।