पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Election Not Win By Given Greed Udaipur Rajsthan

राज्यसभा सदस्य ने कहा: लालच देकर चुनाव नहीं जीता जाता

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

उदयपुर. विधानसभा चुनाव में भाजपा की अप्रत्याशित और अकल्पनीय जीत रही। इसका श्रेय उन अशिक्षित मतदाताओं को है, जिन्होंने चुनाव के छह माह पहले कांग्रेस द्वारा दिए गए प्रलोभन को समझा तथा उसे अस्वीकार कर साबित कर दिया कि खैरात बांटने से चुनाव नहीं जीता जाता। इसमें विशेष रूप से मेवाड़ के जनजाति मतदाताओं का विशेष सहयोग रहा है।

यह कहना है राज्यसभा सदस्य रामदास अग्रवाल का। वे इंटरनेशनल वैश्य फेडरेशन के पदाधिकारियों की बैठक लेने उदयपुर आए थे। सेक्टर 6 स्थित तारा संस्थान नेत्रालय के अवलोकन के दौरान उन्होंने भास्कर से मुलाकात में बताया कि विधानसभा चुनाव के बाद अभी इतना समय नहीं हो पाया है कि पार्टी में कोई फेरबदल किया जाए। हमारे पास जो मशीनरी है, उसे लोकसभा चुनाव के लिए एक्टिवेट किया जा रहा है। हालांकि, इसके लिए कोई खास रणनीति बनाने की जरूरत नहीं है।

मोदी फैक्टर ही काम कर जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान हुई या होने वाली आम सभाओं में लोग रुपए लेकर नहीं आते, बल्कि देकर आते हैं। लोग मोदी को सुनना चाहते हैं। उनके मन में मोदी के लिए जगह है। विधानसभा चुनाव में यही दिखा। अग्रवाल ने कहा कि डेढ़ माह में भाजपा सरकार का मूल्यांकन करना गलत होगा। वसुंधरा राजे सभी व्यवस्थाओं का जायजा ले रही हैं। उसके बाद वे संचालन की प्रक्रिया शुरू करेंगी।


लोकसभा चुनाव में मौका मिला तो मना नहीं करूंगा
अग्रवाल ने कहा कि लोकसभा चुनाव में अगर उनको पार्टी आलाकमान की ओर से मौका दिया जाता है तो वे मना नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि वैसे चुनाव लडऩे का उनका मानस नहीं है, लेकिन पार्टी के आदेश और निर्देश को सर्वोपरि मानते हुए इस दिशा में सक्रिय होंगे। राहुल और मोदी के प्रश्न पर अग्रवाल ने कहा कि तुलना समान लोगों में होनी चाहिए। मोदी उम्र और अनुभव के मामले में राहुल से काफी आगे हैं। ऐसे में दोनों की तुलना करना उचित नहीं है।

समाज में कई अहम फैसले
अग्रवाल ने बताया कि इंटरनेशनल वैश्य फेडरेशन के पदाधिकारियों की बैठक में निर्णय लिया गया है कि वैश्य समाज न्यूनतम खर्च में शादी के आयोजन करेगा। इसके लिए कम खर्च, व्यंजनों की संख्या में कमी करने सहित कई अहम निर्णय लिए गए हैं। बैठक में इन निर्णयों पर पदाधिकारियों और सदस्यों ने सहमति भी व्यक्त की है। अग्रवाल ने कहा कि फिजूल खर्च पर रोक लगे तो समाज के हर तबके को आगे आने का मौका मिल सकता है।