पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

CRIME NEWS: नशे में युवक ने पत्नी को चाकू से गोदा, हालत गंभीर, आरोपी फरार

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

उदयपुर. प्रतापनगर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में बुधवार शाम नशे में युवक ने पत्नी को चाकू से गोद दिया। महिला की हालत नाजुक है। एएसआई प्रभुलाल ने बताया कि इस कॉलोनी में रहने वाला ओमप्रकाश छाबड़ा सूरजपोल पर शिकंजी का ठेला लगाता है। बुधवार शाम वह शराब के नशे में घर पहुंचा। शराब पीने और किसी घरेलू बात पर उसका पत्नी रजनी से झगड़ा हो गया।

ओमप्रकाश ने रजनी से मारपीट की और चाकू से वार कर दिया। पीठ पर चार और सीने पर एक वार से रजनी गंभीर घायल हो गई। हमले के बाद ओमप्रकाश फरार हो गया। इधर, रजनी की चीख सुनकर उसकी ननद, पड़ोस में रहने वाली उसकी बहन आई। उन्होंने उसे अस्पताल में भर्ती कराया और परिजनों व पुलिस को सूचना दी।

चीरवा में पिस्टल दिखाकर लग्जरी कार लूटी, बाइक छोड़ गए बदमाश

उदयपुर. सुखेर थाना क्षेत्र के चीरवा घाटे में बाइक पर आए तीन युवक पिस्टल दिखाकर लग्जरी कार लूट कर ले गए। आरोपी बाइक मौके पर ही छोड़ कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही एसएचओ मय जाप्ता मौके पर पहुंचे। एसपी अजयपाल लांबा ने बताया कि सूचना मिलते ही क्षेत्र में नाकाबंदी करा दी गई है। आरोपी कार लेकर बाइक मौके पर ही छोड़ गए हैं। शक है कि बाइक भी चोरी की होगी। पुलिस ने बताया कि पुलां निवासी मोहनलाल सालवी, देवाली निवासी रामचन्द्र गुर्जर राजसमंद स्थित जेके फैक्ट्री में काम करते हैं। बुधवार रात दोनों इनके सेठ अशोक विजयवर्गीय, शेर सिंह बाबेल और संदीप कुणावत के साथ उदयपुर लौट रहे थे। पांचों दो लग्जरी गाडिय़ों में थे। चीरवा घाटा पहुंचने पर एक कार पंक्चर हो गई। इस पर रामचन्द्र और मोहनलाल गाड़ी ठीक करने के लिए वहीं रुक गए और अशोक, शेर सिंह व संदीप दूसरी गाड़ी से चीरवा से रवाना हो गए। मोहनलाल गाड़ी का पंक्चर ठीक कर रहा था कि नाथद्वारा की ओर से बाइक पर तीन युवक आए। गाड़ी रोककर युवकों ने मोहनलाल और रामचन्द्र को पिस्टल दिखाई और कार (आरजे 27 सीबी 6671) लूट कर ले गए। आरोपी जिस बाइक (आरजे 27 एसआर 2621) से आए थे, वह मौके पर ही छोड़ गए।

धोखाधड़ी पर भूमि व्यवसायी, यूआईटी के पूर्व सचिव सहित पांच नामजद

उदयपुर. पूर्व पार्षद के पति ने अंबामाता थाने भू व्यवसायी, यूआईटी सेक्रेटरी सहित पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कराई है। भाजपा की पूर्व पार्षद सर्वऋतु विलास निवासी लता भंडारी के पति संजय भंडारी ने भू व्यवसायी भूपालपुरा निवासी शांतिलाल मेहता, गोविंद अग्रवाल, यूआईटी के पूर्व सचिव सहित पांच लोगों के खिलाफ कोर्ट में इस्तगासा दायर कर थाने में मामला दर्ज कराया है। भंडारी ने बताया कि उन्होंने 2007 में भुवाणा में मेहता से 28 लाख रुपए में जमीन खरीदी थी। बाद में आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन का बंटवारा कर दिया। इसके अलावा जिस जमीन का सौदा हुआ था, उसे दूसरे को देकर भंडारी के खाते दूसरी जमीन कर दी गई।