पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंउदयपुर. क्विज बेस्ड लर्निंग सिस्टम की लांचिंग बुधवार को गुरु गोविंदसिंह सीनियर सेकंडरी स्कूल में की गई। सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए कलेक्टर आशुतोष पेडणेकर की पहल पर मोइनी फाउंडेशन जयपुर व शिक्षा विभाग द्वारा क्विज एकेडमी के प्रोजेक्ट उत्कर्ष की शुरुआत की गई।
सिस्टम के तहत 9वीं क्लास के छात्र लैपटॉप, कम्प्यूटर व टैबलेट पर क्विज व केबीसी गेम से खेल खेल में सारे विषयों की पढ़ाई कर सकेंगे। पढ़ाई के प्रति बच्चों की रुचि बढ़ाने के लिये सरकार द्वारा जिले में वितरित सभी लैपटॉप व टैबलेट में एनसीईआरटी की 6 से 12वीं तक की पुस्तकों को हिंदी व अंग्रेजी में इंस्टॉल भी किया गया है। इसके लिए सिस्टम में स्टडी बडी एप्प को इंस्टॉल किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को स्कूलों में किताबें ले जाने की जरूरत नहीं रहेगी।
इस पायलट प्रोजेक्ट में जिले के विभिन्न ब्लॉक के 12 सरकारी स्कूलों को शामिल किया गया है। कलेक्टर ने तकनीकी प्रतिस्पर्धा के दौर में शिक्षा के क्षेत्र में कम्प्यूटर के उपयोग को बढ़ावा देते हुए विद्यार्थियों को निपुण बनाने की महती आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में कम्प्यूटर का चलन बढ़ रहा है। ऐसे में कम्प्यूटर आधारित शिक्षण प्रणाली हमें तकनीकी श्रेष्ठता की ओर ले जाएगी। उद्घाटन समारोह में छात्र-छात्राओं को क्विज बेस्ट लर्निंग सिस्टम की प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रायोगिक जानकारी दी गई।
ऑनलाइन होगी मॉनिटरिंग
समारोह में टेक्निकल टीम के विजय व्यास ने बताया कि बच्चों को केबीसी खेलने के लिए लॉग इन आईडी दिया जाएगा। इससे वो गेम में जितने भी अंक प्राप्त कर रहा है, उसकी मॉनिटरिंग ऑनलाइन हो पाएगी। इसी के साथ केबीसी से संबंधित होमवर्क भी बच्चे की आईडी पर दिया जा सकेगा। डीडी जगदीश चंद्र खंडेलवाल ने बच्चों को इस आधुनिक शिक्षा प्रणाली का अधिक से अधिक लाभ उठाने को कहा। समारोह में मोइनी फाउंडेशन के संस्थापक अरविंद थानी, डीईओ माध्यमिक कृष्णा चौहान, डीईओ प्रारंभिक भूपेंद्र जैन, डीडी भरत मेहता, तकनीकी सहयोगी मनीष शर्मा, प्रियंका पारीक, विनय बिस्सा आदि मौजूद थे।
केबीसी से जोड़ा जाएगा 6 से 12वीं को भी
प्रोजेक्ट के सफल होने पर जल्द केबीसी लर्निंग सिस्टम से 6 से 12वीं क्लासों को भी जोडऩे की योजना है। इसके लिए विभिन्न क्लासों के विषयों का डाटा कलेक्ट किया जा रहा है। अगले एक साल में टैबलेट व लैपटॉप में इन क्लासों के प्रश्नों को भी इंस्टॉल किया जाएगा।
लेबोरेट्री सेक्शन भी
लैपटॉप व कंप्यूटरों में प्रयोगशाला सेक्शन में जाकर जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित व भौतिकी विज्ञान के 200 से अधिक प्रेक्टिकल संबंधी जानकारी ली जा सकेगी। इससे स्कूलों में लैब की कमी होने पर बच्चों की पढ़ाई को प्रभावित होने से बचाया जा सकेगा।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.