(माउंट आबू स्थित नक्की झील )
माउंट आबू. आगामी 27 सितंबर को दुनिया भर में वर्ल्ड टूरिज्म डे मनाया जाने वाला है। इस खास दिन के लिए dainikbhaskar.com आपके लिए खास पर्यटन स्थलों के बारे में जानकारी ला रहे हैं। आज हम आपको एक झील के बारे में बारे में बताने जा रहे हैं। इस झील के बारे में कहा जाता है कि ये झील देवताओं ने अपने नाखूनों से खोद कर बनाई थी। हम बात कर रहे हैं राजस्थान के माउंट आबू में स्थित नक्की झील की।
देवताओं ने नाखूनों से खोदकर बनाई थी झील
एक किवदंती है कि इसका निर्माण देवताओं ने अपने नाख़ूनों से खोद कर किया था इसीलिए इसका नाम नक्की झील पड़ा। शुरू में में इसे नख की झील कहा जाता था। समय के साथ बदल कर इसका नाम नक्की झील पड़ गया। दूसरी एक और किवदंती के अनुसार स्थानीय राजा ने अपनी बेटी की शादी के लिए शर्त रखी थी। उस शर्त के अनुसार जो भी इंसान एक रात में झील खोद देगा. उसकी शादी राजकुमारी से कर दी जाएगी। एक स्थानीय निवासी रसिया बालम ने इस शर्त को पूरा कर दिया। लेकिन बाद में राजा अपनी शर्त से मुकर गया। झील के पास जैन मंदिर के पीछे राजकुमारी और स्थानीय निवासी का मंदिर बना हुआ है।
ढाई किलोमीटर दायरे में फैली है झील
नक्की झील समुद्र तल से 1200 मीटर की ऊंचाई पर स्थित भारत की एकमात्र झील है। नक्की झील माउंट आबू का प्रमुख आकर्षण है। यह झील ढाई किलोमीटर के दायरे में फैली हुई है। झील के पास एक पार्क भी है, जहां पर स्थानीय निवासियों और सैलानियों भी दिन भर भीड़ जमा रहती है। नक्की झील राजस्थान की सबसे ऊँची झील है। चारों तरफ पहाड़ों से घिरी यह झील राजस्थान के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक है। अरावली पर्वत श्रृंखला के बीच में स्थापित माउंट आबू अपनी नैसर्गिक ख़ूबसूरती के लिए जाना जाता है। झील में एक फ़व्वारा लगाया गया है, जिसकी पानी की धार 80 फुट की ऊँचाई तक जाती हैं। यह झील सर्दियों में अक्सर जम जाया करती है।
गुजरात का भी है यहां पर प्रभाव
राजस्थान और गुजरात की सीमा में स्थित माउंट आबू के बाजारों में गुजरात की झलक भी दिखाई देती है। झील के किनारे ही एक मुख्य बाजार है। यहां पर राजस्थान और गुजरात की बनी वस्तुएं सबसे अधिक मिलती हैं। राजस्थान के पारंपरिक ड्रेस से लेकर जूते, कढ़ाई किए हुए बैग यहां बाजार में आसानी से मिल जाते हैं। इसके अलावा यहां से लोग किराये से राजस्थानी और गुजराती पोशाक खरीदकर फोटो खिंचवाते हैं।
माउंट आबू कैसे पहुंचे
माउंट आबू राजस्थान का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है। यहां पर रेल, सड़क और हवाई मार्ग की मदद से पहुंचा जा सकता है। सबसे पास का एयरपोर्ट उदयपुर 185 किलोमीटर दूर है। जहां से आसानी से टैक्सी माउंट आबू के लिए उपलब्ध रही है। सड़क मार्ग से आने वाले के लिए भी राजस्थान के प्रमुख शहरों से बस और टैक्सी की सुविधाएं उपलब्ध है। इसके अलावा रेल मार्ग से आने वाले लोगो के सबसे नजदीक स्टेशन आबू रोड रेल स्टेशन है। जो माउंट आबू से केवल 22 किलोमीटर की दूरी पर है।
आगे की स्लाइड्स में देखिए नक्की झील की कुछ और खूबसूरत तस्वीरें....