उदयपुर. नवरात्रि में रविवार (शक्ति पूजन का दिन) रहने से शक्तिपीठों पर खूब भीड़भाड़ रही। सुबह से शाम तक दर्शनार्थियों की आवाजाही के साथ ही संध्या आरती के समय बड़ी संख्या में भक्तों की मौजूदगी रही। माता के दर्शन पाने के लिए भक्त लंबे समय तक कतारों में खड़े रहे। शहर के प्रमुख शक्तिपीठ बेदला माता, अंबामाता, नीमज माता, करणी माता, चांवडा माता सहित तमाम शक्ति स्थल भक्तों से आबाद रहे। आम दिनों से चार गुना अधिक भक्तों की आवाजाही रही। नवरात्रि स्थापना के बाद रविवार का ही दिन था, जब भक्तों की भारी भीड़ रही। अब गुरुवार को दुर्गाष्टमी के मौके पर फिर से भक्तों की पहुंच शक्ति स्थलों की ओर रहेगी।
आज ग्राउंड पहुंचेंगे रावण परिवार के पुतले
सनातन धर्म सेवा समिति की ओर से विजय दशमी उत्सव की तैयारियां जोरों पर है। इसी को लेकर शक्ति नगर कम्यूनिटी हॉल में तैयार हो रहे रावण, मेघनाद व कुंभकरण के पुतले सोमवार सुबह गांधी ग्राउंड पहुंचाए जाएंगे। समिति सचिव नरेंद्र कथुरिया ने बताया कि मथुरा के कारीगरों ने पुतले तैयार किए हैं। अलग-अलग टुकड़ों में पुतलों को ले जाने के बाद बाकी कार्य गांधी ग्राउंड में ही होगा।
शाम 7.20 बजे होगा दहन : महासचिव सुरेश कटारिया ने बताया कि 3 अक्टूबर दोपहर 3 बजे सनातन मंदिर से शोभायात्रा निकलेगी, जो 5 बजे गांधी ग्राउंड पहुंचेगी। यहां वेस्ट जोन कल्चर सेंटर की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होगी। अध्यक्ष नानक राम कस्तूरी, उपाध्यक्ष सुनील छाबड़ा ने बताया कि शाम 7.10 बजे लंका दहन के बाद 7.20 बजे पुतलों का दहन होगा।
पारंपरिक वेशभूषा में रमा गरबा
रोटरी क्लब उदयपुर द्वारा रोटरी बजाज भवन में आयोजित गरबा महोत्सव में एस.एस.इंजिनियरिंग कॉलेज एवं पेसिफिक विश्वविद्यालय की छात्राओं एवं विभिन्न रोटरी क्लबों के सदस्यों ने पारम्परिक,गुजराती एवं राजस्थानी वेशभूषा में गरबा किया। क्लब अध्यक्ष डॉ. बी.एल.सिरोया ने बताया कि महोत्सव में रोटरी क्लब उदयपुर, रोटरी क्लब मींरा, रोटरी क्लब मेवाड़, रोटरी क्लब एलिट, रोटरी क्लब हेरिटेज, रोटरी क्लब कॉरपोरेट एवं रोटरी क्लब उदय के सदस्यों ने भाग लिया।
बेस्ट गरबा और ड्रेस के लिए था उत्साह
ओसवाल महिला मंच (ओसवाल सभा) की ओर से ओसवाल भवन में गरबा महोत्सव हुआ। सचिव माया सिरोया ने बताया कि बेस्ट गरबा में रुचिता, उषा हड़पावत व प्रेरणा मेहता तथा बेस्ट ड्रेस में मीना जैन, ललिता गांधी व उषा कोठारी तथा बेस्ट डांडिया में वंदना गन्ना, सीमा मेहता व अनुराधा मेहता विजेता रही।
आगे की स्लाइड्स में देखें तस्वीरें