उदयपुर। गुलाबबाग स्थित जंतुआलय परिसर में गुरुवार दोपहर में आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना जू के प्रवेश द्वार के दाहिनी ओर हुई। सात फायर ब्रिगेड ने लपटों पर काबू पाया। आग की चपेट में आने से सूखे बांस के चटकने और फटने की तेज आवाजें आने लगीं।
सूखे पत्तों और घास से आग बढ़ गई। यह देख कर्मचारियों के हाथ-पैर फूल गए। उन्होंने फोन कर फायर ब्रिगेड को बुलाया। इससे पहले कि दमकल वाहन पहुंचता, आग बांस के पौधों के ऊपरी सिरे तक पहुंच चुकी थी। इन्हें बुझाने के लिए सात दमकलों का सहारा लेना पड़ा।
वनकर्मियों का कहना है कि बाहरी तरफ सफाई कर इकट्ठा किए पत्तों में आग लगाने से हवा से उड़ी चिंगारी के कारण यह घटना हुई। अनुमान है कि किसी ने सूखे पत्तों के ढेर पर जलती बड़ी या सिगरेट डाल दी होगी। डेढ़ बजे लगी आग पर साढ़े चार बजे तक काबू पाया जा सका।
देबारी की पहाड़ी पर आग लगी
देबारी की पहाड़ी पर गुरुवार को आग लग गई। दमकल कर्मचारियों ने इसे बुझाया। वहां दो फायर ब्रिगेड लगीं। दमकल कर्मियों ने बताया कि राजस्व मंडल क्षेत्र की पहाड़ी पर सूखी झाड़ियों में किसी ने जलती बीड़ी डाल दी थी।