पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंउदयपुर. सुखाडिय़ा यूनिवर्सिटी टीचिंग एसोसिएशन (सूटा) की चार साल बाद बुधवार को हुई बैठक में पेंशन प्रकरण और फिक्सेशन के मुद्दे छाए रहे। साइंस कॉलेज में हुई इस बैठक में सूटा के 70 से अधिक सदस्यों ने हिस्सा लिया। नॉन टीचिंग एसोसिएशन के सदस्य भी शरीक हुए। प्रवक्ता डॉ. कुंजन आचार्य के मुताबिक यह पहला अवसर था, जब सूटा की बैठक में नॉन टीचिंग स्टाफ एसोसिएशन भी साथ था। दोनों संघों ने लंबित मांगों को लेकर परस्पर सहयोग करने की बात कही है। बैठक में अगली रणनीति भी तैयार की गई।
पेंशन प्रकरण को लेकर कहा गया कि उम्र के इस पड़ाव में टीचिंग एसोसिएशन के सदस्यों को पेंशन के लिए जतन करने पड़ रहे हैं। इसका जिम्मा राज्य सरकार का होना चाहिए। चर्चा रही कि पेंशन प्रकरण आदि में जो भी होना था हो गया, विकल्प पर पेंशन आधारित नहीं की जा सकती है। आचार्य ने बताया कि बैठक के निर्णय अनुसार यदि सरकार पेंशन प्रकरण में सकारात्मक रवैया नहीं रखती है तो सूटा एवं नॉन टीचिंग स्टाफ एसोसिएशन सुविवि में सामूहिक अवकाश करेंगे। नॉन टीचिंग स्टाफ के अध्यक्ष ख्यालीलाल जोशी ने बताया कि संविदाकर्मियों को बढ़ाई गई दस प्रतिशत राशि वापस स्थगित कर दी गई है। इसे लेकर भी कर्मचारियों में भारी रोष है। यदि विवि प्रशासन 2 फरवरी तक विभिन्न मांगों पर निर्णय नहीं लेता है तो मजबूर होकर सभी कर्मचारी 3 फरवरी को सुबह 11 बजे विवि प्रशासनिक भवन के बाहर धरना प्रदर्शन करेंगे।
दो दिन में हो जाएगा पेंशन भुगतान
सुविवि के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की दो माह की बकाया पेंशन का भुगतान 31 जनवरी तक हो जाएगा। कुलपति प्रो. आई.वी. त्रिवेदी ने बताया कि मंगलवार को विशेष शक्तियों का प्रयोग करते हुए पेंशन विकल्प भरने वाले सेवानिवृत्त कर्मचारियों को दो माह की पेंशन फंड स्वीकृत किया था। बुधवार को राज्यपाल के साथ पीएफ विकल्प भरने वाले कर्मचारियों को लेकर बैठक थी। इस कारण मंगलवार रात को ही जयपुर जाना पड़ गया। गुरुवार सुबह आते ही इन सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए पत्र जारी कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्यपाल ने पीएफ विकल्प भरने वालों को लेकर सकारात्मक रुख रखा है। सात फरवरी को होने वाली कोआर्डिनेशन कमेटी की बैठक में भी इस प्रकरण पर चर्चा होगी। इधर, पेंशन से वंचित सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने बुधवार को मांग को लेकर धरना दिया।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.