उदयपुर। भूपालपुरा थाना पुलिस ने वकील विनोद पाठक की गिरफ्तारी के बाद खुलासा किया है कि वह कोर्ट लिपिक पद पर भर्ती कराने का झांसा देकर लोगों से रुपए ऐंठ रहा था। पाठक ने बड़गांव निवासी प्रकाश लखारा से सेशन कोर्ट की ओर से कराई गई लिपिक भर्ती परीक्षा के बाद नियुक्ति दिलाने के लिए ढाई लाख रुपए मांगे थे।
थानाधिकारी सतीश मीणा ने बताया कि कोर्ट में लिपिक पद पर नियुक्ति के लिए प्रकाश की विनोद पाठक से बात हुई थी। पाठक ने नियुक्ति का वादा करते हुए ढाई लाख रुपए मांगे। इस पर प्रकाश ने एक लाख 70 हजार रुपए उसे दे दिए। पाठक ने 80 हजार रुपए देने पर जोधपुर में ज्वाइनिंग लेटर देना बताया। इस पर प्रकाश को शक हो गया और उसने पुलिस में रिपोर्ट दी।
दो लोगों को ठगने की साजिश चल रही थी
पुलिस ने बताया कि जांच में दो मामले और आए हैं, जिनके साथ आरोपी ठगी का प्रयास कर रहा था। आरोपी ने इन्हें नियुक्ति के कन्फर्मेशन लेटर भी उपलब्ध करा दिए थे। जांच में पता चला कि परीक्षा का परिणाम अभी आया ही नहीं है और कंफर्मेशन लेटर फर्जी हैं। पुलिस पूछताछ कर पीड़ितों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।