उदयपुर। गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र के टीडी में गुरुवार देर रात चार बदमाशों ने कार में जा रहे परिवार को रिवॉल्वर दिखाकर लाखों के जेवर और नकदी लूट लिए। लुटेरे जयपुर नंबर की गाड़ी से आए थे। पुलिस ने बताया कि बेगूं (चित्तौड़गढ़) निवासी मुरलीधर माली अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रिश्तेदार की शादी में शामिल होने कार से ऋषभदेव जा रहे थे।
कार टीडी पहुंची ही थी कि बोलेरो गाड़ी पीछे लग गई। कार के आगे बोलेरो लगाकर आरोपियों ने टीडी में सुनसान क्षेत्र में कार रुकवाई। रिवॉल्वर दिखाकर दो आरोपी कार में बैठ गए। इन लोगों ने टीडी टोल नाके से पहले वीरान सड़क पर कार रुकवा दी और मुरलीधर व परिवार से जेवर, नकदी दी छीन लिए।
सारा साजो-सामान समेटकर लुटेरे साथ चल रही बोलेरो में बैठकर फरार हो गए। लुटेरे सात हजार रुपए, तीन मोबाइल हैंडसेट, सोने के दो मंगलसूत्र, एक हार, चेन, चार अंगूठियां, कान की बाली और चांदी के 12 तोला वजनी पायजेब ले गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार रात ढाई बजे थाने पहुंचा और रिपोर्ट दी। इसके बाद पुलिस ने पूरे जिले में नाकाबंदी कराई।