उदयपुर। गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र में अनियंत्रित ट्रक के दीवार से टकराने पर चालक की जान बच गई, लेकिन दूसरे ही पल अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। यह हादसा रविवार रात दो से 3 बजे के बीच नेशनल हाइवे आठ (अहमदाबाद मार्ग) पर काया के पास हुआ।
पुलिस के मुताबिक खेरकी, सराड़ा निवासी सतीश (23) पुत्र शंकरलाल मीणा ट्रक ड्राइवर है जो जावरमाइंस में ट्रक खाली कर वापस लौट रहा था। तभी काया में ट्रक अनियंत्रित होकर एक दीवार से टकरा गया। उसके हल्की चोट आई, लेकिन जान बच गई। वह ट्रक से नीचे उतरकर मदद के लिए सड़क की ओर बढ़ा था कि पीछे से आ रहे एक भारी वाहन ने उसे चपेट में ले लिया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई।
क्षेत्रीय लोगों से मिली जानकारी
हादसे में सतीश की मौत के बाद पुलिस ने मौके पर पूछताछ की तो लोगों ने बताया कि वह ट्रक चालक है। उसे लोगों ने ट्रक लेकर जाते हुए देखा था। पुलिस ने आसपास देखा तो एक ट्रक खड़ा था, जिसका एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त था। शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने सतीश के साथी चालक का पता लगाया जो छुट्टी पर था।