उदयपुर। पटेल सर्कल के पास गुरुवार रात पौन बजे कुछ युवकों ने देशी कट्टा तानकर कार में सवार दो जनों की सोने की चेन छीन ली। कार के बोनट पर चढ़कर आगे वाला शीशा तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार यह घटना जवाहनगर के पिछले वाले गेट की तरफ हुई।
फतहपुरा में अहिंसापुरी निवासी जितेश व्यास और उनके भाई सेक्टर 11 से घर लौट रहे थे। इस दौरान टू व्हीलर पर आए दो युवकों ने अपनी गाड़ी को कार से भिड़ा दिया। इसके बाद गालियां देते हुए कार वालों से उलझ गए। इतने में बाइक पर दो और युवक आ गए।
इन्होंने देशी कट्टा तानकर दोनों भाइयों की सोने की चेन उतरवा ली और कार की तलाशी लेने लगे। कार में पड़ा लैपटॉप भी उठा लिया। हालांकि लैपटॉप ले जाने में नाकाम रहे। दहशतजदा दोनों युवकों ने पुलिस को शिकायत की। पुलिस ने क्षेत्र में तलाशी भी की, लेकिन आरोपियों का पता नहीं चला।