पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

कम्प्यूटर कर रहा है आपको बीमार, अपनाएंगे ये उपाय तो रहेंगे फिट एंड फाइन

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
उदयपुर। आज के हाईटेक जमाने में कम्प्यूटर हमारे जीवन का अभिन्न अंग बन गया है। जो लोग अधिकतर समय कम्प्यूटर, लेपटॉप पर बिताते हैं, उन्हें इसके दुष्प्रभाव से बचना चाहिए। लगातार कम्प्यूटर पर बैठने से आंखों में जलन के अतिरिक्त गर्दन, कंधे, कमर, अंगुलियों में दर्द आम बात हो गई है।
कम्प्यूटर पर बैठने की स्थिति सही नहीं होने से कमर दर्द से जुड़ी कई बीमारियां हो जाती हैं। ऐसी स्थिति में कुछ सावधानियां बरतकर कम्प्यूटर के नकारात्मक प्रभाव से काफी हद तक निजात पाई जा सकती है। ये हो सकते हैं रोग: लंबे समय तक कम्प्यूटर पर बैठने से जहां पाचन क्रिया कमजोर होती है, वहीं कमर में लंबर स्पोंडिलोसिस, लंबेगो, क्रोनिक लंबोसेक्रल स्प्रेन जैसी गंभीर बीमारियां हो जाती हैं।
इसके अतिरिक्त गर्दन में सर्वाइकल स्पोंडिलोसिस जैसे रोग हो जाते हैं। गर्दन दर्द के अतिरिक्त हाथों का सुन्न हो जाना, तेज पीठ दर्द, सिर दर्द आदि समस्याएं आती हैं।
ऐसे कर सकते हैं बीमारियों से बचाव
एमबी अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. विनय जोशी के अनुसार प्रतिदिन कुछ छोटी बातों का ध्यान रखने से इन गंभीर बीमारियों से निजात पाई जा सकती है।
1. कम्प्यूटर पर काम करते वक्त ऐसी कुर्सी का प्रयोग किया जाए, जिससे पीठ को पूरा सहारा मिले।
2. दफ्तरों में घूमने वाली कुर्सी का प्रचलन अधिक होता है। ऐसी कुर्सियों की स्प्रिंग जल्द खराब हो जाती है। जो कमर दर्द बढ़ाती है। ऐसे में कुर्सी बदलते रहना चाहिए।
3. आंखों में यदि नंबर का चश्मा लगता हो तो जरूर लगाएं। कमजोर आंखों का सीधा प्रभाव कमर व गर्दन पर पड़ता है।
4. सोते वक्त छोटे तकिये का व सख्त गद्दे का प्रयोग करें।
5. जमीन से कोई सामान उठाने पर घुटने को मोड़ें, न कि कमर को।
6. कम्प्यूटर पर कार्य करते वक्त कुछ देर में बैठने की स्थिति बदलते रहें।
7. टेबल पर कुछ भी लिखते वक्त कमर सीधी रखें।