भींडर। गिरवरपोल क्षेत्र में सोमवार को एक महिला एवं दो साल के मासूम बच्चे का शव सोमवार को कुएं में मिला। दोनों पिछले पांच दिनों से लापता थे। गिरवरपोल निवासी लालीबाई (23) पत्नी नारायण लाल गाडरी और उसके दो वर्षीय पुत्र बबलू का शव सोमवार दोपहर में चौपन कुआं में मिला।
मृतका के भाई उंकार लाल गाडरी ने शिनाख्त की। उंकार लाल ने बताया कि लाली बाई व भांजा बबलू 9 मई को बिना बताए घर से निकल गए थे। परिजनों ने काफी तलाश की किंतु दोनों का कुछ पता नहीं चला। लाली की शादी 10 वर्ष पूर्व बड़वाई निवासी नारायण लाल के साथ हुई थी।
मनमुटाव के कारण लाली पिछले 5 माह से पीहर भींडर में रह रही थी।थानाधिकारी महिपाल सिंह सिसोदिया ने बताया कि दोपहर 3 बजे बकरियां चराने गए व्यक्ति ने चौपनकुएं में एक बच्चे एवं एक महिला का शव देखने की सूचना दी थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव सौंपा। मामले की जांच एएसआई कैलाश सिंह कर रहे हैं।