उदयपुर। हिरणमगरी सेक्टर तीन में बाइक सवार दो युवक एक महिला के गले से दस तोला सोने का हार छीन कर भाग गए। घटना बीएसएनएल ऑफिस के पास हुई। यह महिला अपने दामाद के गृह प्रवेश में शामिल होने आई थी। घर के बाहर पानी पीने आईं महिला का ध्यान हटते ही वहां बाइक पर आए दो युवक उसके गले से हार तोड़ कर भाग गए।
इस महिला ने बचाव में शोर मचाया, लेकिन कुछ ही पल में दोनों युवक तेज रफ्तार के साथ वहां से नदारद हो गए। महिला की आवाज सुनकर घर के अंदर मौजूद रिश्तेदार, परिवार वाले भी वहां जमा हो गए। आसपास लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने युवकों के हुलिये के बारे में जानकारी ली। इसके बाद उन्हें पकड़ने के लिए नाकाबंदी की गई, लेकिन पुलिस को कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
कौन है पीड़ित महिला
गायरियावास निवासी कमला देवी के पति नारूलाल खटीक ने बताया कि सेक्टर-3 में दामाद का घर बना है। उनके दामाद के खदान है और पत्थर का कारोबार है। रात को जागरण के बाद सुबह गृह प्रवेश था। कार्यक्रम के चलते सभी रिश्तेदार वहीं थे। सुबह करीब आठ बजे पत्नी कमला देवी घर के बाहर लगे टेंट के पास पानी पीने गईं। वहां दो लड़के बाइक पर आए और कमला के गले पर झपट्टा मार कर सोने का हार छीन लिया और फरार हो गए।