पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

दूसरे दिन भी युवक का सुराग नहीं अब होगी कॉल डिटेल की पड़ताल

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
उदयपुर। बड़ी तालाब की पाल पर दो दिन पहले लापता हुए लक्ष्मी नारायण जीनगर के कपड़े और स्कूटी मिलने के मामले में अंबामाता पुलिस और गोताखोरों ने रविवार को भी तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। शाम छह बजे तक सर्च ऑपरेशन चला।पुलिस के साथ अब परिजनों को उम्मीद है कि लक्ष्मीनारायण डूबा नहीं है। पुलिस अब उसके मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर तफ्तीश और तलाश करेगी।
पुलिस का कहना है कि दो दिन लगातार गोताखोरों ने विभिन्न संसाधनों के जरिए लक्ष्मीनारायण की बड़ी तालाब में तलाश की। लेकिन कामयाबी नहीं मिली।युवक डूबा होता तो प्राकृतिक रूप से अब तक शरीर पानी की सतह पर आ जाता। उसके डूबने की आशंका न के बराबर है।
इधर, परिजनों ने अंबामाता थाने में लक्ष्मी नारायण की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसके भाई रमेश जीनगर ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को परिवाद पेश कर मोबाइल लोकेशन के आधार पर ढूंढने का प्रयास करेंगे। मोबाइल डिटेल में आखिरी कॉल के आधार पर पुलिस पूछताछ करे तो लक्ष्मीनारायण का कुछ पता चल सकता है।
यह था घटनाक्रम
पुलां निवासी लक्ष्मीनारायण जीनगर (35) शुक्रवार को दुकान जाना बताकर घर से निकला था। वह दुकान नहीं पहुंचा। मोबाइल स्विच ऑफ होने से परिजन संपर्क नहीं कर सके। तब से वह लापता है। शनिवार सुबह उसकी स्कूटी और कपड़े बड़ी तालाब की पाल पर मिले। डूबने की आशंका पर तालाब में शनिवार सुबह से उसकी तलाश की जा रही है।