उदयपुर। लापता युवक के कपड़े शनिवार को बड़ी तालाब की पाल पर मिले। डूबने की आशंका पर पुलिस दिन भर उसकी तलाश में जुटी रही। शाम तक गोताखोर भी ढूंढ पाने में नाकाम रहे। रविवार को वापस सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा। इधर, घर में युवक की पत्नी, बेटी और परिजन उसके सही सलामत लौट आने की दुआएं करते रहे।
पुलां निवासी रमेश पुत्र नंदलाल जीनगर ने बताया कि उसका भाई लक्ष्मीनारायण (35) भुवाणा स्थित फर्नीचर शॉप में काम करता था। शुक्रवार सुबह काम के लिए घर से निकला था। लक्ष्मीनारायण की पत्नी ने दोपहर में फोन किया तो स्विच ऑफ मिला।
रात भर उसके घर नहीं लौटने पर सुबह परिजन ढूंढने निकले। बड़ी तालाब के पास स्कूटी खड़ी थी। पाल पर लक्ष्मीनारायण के कपड़े और चप्पल थे। इस पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
डिक्की में था भरा टिफिन
पुलिस ने पाल के पास खड़ी स्कूटी देखी तो उसमें चाबी लगी हुई थी। डिक्की में टिफिन भी था, जिसमें इसमें खाना था। लक्ष्मीनारायण शुक्रवार को काम पर भी नहीं गया। पुलिस को शक है कि लक्ष्मीनारायण शुक्रवार सुबह ही बड़ी पाल पर आ गया होगा।
नहीं थम रहे आंसू
लक्ष्मी नारायण के लापता होने के बाद से ही उनकी पत्नी गायत्री के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। मन में आशंकाओं और अनहोनी के बादल इस कदर घिर आए थे कि वे एक पल भी इत्मीनान से नहीं बैठ सकीं। वे हर वक्त भगवान से पति की सलामती की दुआएं मांग रही हैं। उनके बच्चे खुद के साथ मां को संभालने की कोशिश कर रहे हैं। बच्चे मां को उम्मीद बंधा रहे हैं कि पिता जल्द ही काम से लौट आएंगे। बेटी का कहना है पापा काम पर जाना बताकर गए थे, वे आ जाएंगे।