राजसमंद/रेलमगरा। जिले के रेलमगरा थाने में मंगलवार सुबह एक युवक ने कांस्टेबल की वर्दी फाड़ दी और धक्का-मुक्की की। बाद में पुलिस ने उसे थाने में ही पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ जमीन विवाद का एक परिवाद आया था, इसमें उसे पूछताछ के लिए बुलाया गया।
एएसआई बाबूलाल ने बताया कि रघुनाथपुरा निवासी सूरजमल (30) पुत्र दीपा गाडरी दत्तक पुत्र प्रताप गाडरी के खिलाफ गांव की चांदी बाई ने पिछले दिनों जमीन विवाद को लेकर परिवाद लगाया था। मामले में पूछताछ के लिए सुबह उसे थाने पर बुलाया गया।
सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे थाने में कांस्टेबल लक्ष्मण लाल उससे पूछताछ कर रहा था। इस दौरान आरोपी तैश में आ गया व परिवाद फाड़ दिया। बाद में उसने कांस्टेबल का गिरेबान पकड़ लिया व धक्का-मुक्की। इससे कांस्टेबल की वर्दी फट गई। बाद में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। कांस्टेबल लक्ष्मण लाल ने आरोपी के खिलाफ वर्दी व परिवाद फाड़ने सहित मारपीट की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। बुधवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया।