डबोक/उदयपुर। डबोक से अंबावेरी रोड पर गुरुवार को दो हादसों में किशोरी और युवक की मौत हो गई। पालीवाल कॉलोनी के सामने क्रेन हेल्पर को मिनी बस ने चपेट में लिया, जबकि वाहन की टक्कर से बाइक पर सवार किशोर की जान चली गई।
पुलिस ने बताया कि पालीवाल कॉलोनी के पास ट्रक खराब हो गया था। इसे लेने के लिए क्रेन आई। हेल्पर बिजौलिया (भीलवाड़ा) निवासी बलवीर सिंह रावत (23) सड़क पर खड़े होकर क्रेन पीछे लेने का इशारा कर रहा था। इसी बीच डबोक से भटेवर की ओर जाते ट्रैक्टर को ओवर टेक के बाद मिनी बस ने बलवीर को चपेट में ले लिया। फिर बस ट्रक से जा टकराई। बलवीर की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे से बस में बैठी सवारियां घबरा गईं। ये लोग खिड़कियों से बाहर निकल आए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को मुर्दाघर रखवाया और परिजनों को सूचना दी। क्रेन मालिक हनुमान जाट ने बस ड्राइवर के खिलाफ पुलिस को रिपोर्ट दी है।
इसी मार्ग पर अंबा वेरी के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी।इससे बाइक पर सवार एकलिंगपुरा (हिरणमगरी) निवासी विष्णु पुत्र मोहनलाल डांगी (12) की मौत हो गई और चालक सिद्धपुर (प्रतापगढ़) निवासी गणपत पुत्र केसुराम सेन (25) घायल हो गया।पुलिस के अनुसार गणपत गीतांजलि कॉलेज का छात्र है और विष्णु के मकान में किराए से रहता है। गणपत के दोस्त की शादी में शामिल होकर दोनों प्रतापगढ़ से लौट रहे थे।
देर से पहुंची पुलिस, ग्रामीण भड़के
हादसे के बाद इकट्ठा हुए लोगों ने ही गणपत को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस सूचना मिलने के एक घंटे बाद पहुंची। इस देरी पर उसे ग्रामीणों के गुस्से का सामना करना पड़ा। मौके पर गए जवानों ने थाने से अतिरिक्त जाप्ता मंगवाया। इसके बाद पुलिस शव को मुर्दाघर ले जा सकी। क्षेत्रवासी महेश पालीवाल ने बताया कि इस क्षेत्र में आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। थाने से दो-तीन किमी दूरी होने पर भी पुलिस समय से घटना स्थल पर नहीं पहुंचती है।