मेड़ता रोड। छापरी खुर्द ग्राम पंचायत में रविवार को सरकारी सड़क को तोड़ने वाले युवकों को रोकने गईं महिला सरपंच रामी देवी पर तीन लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। सरपंच को मारने की नीयत से उसके पीछे ट्रैक्टर दौड़ा दिया। सरपंच की रिपोर्ट पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
यह था मामला
छापरीखुर्द ग्राम में सीसी ब्लॉक का कार्य चल रहा है। दोपहर छापरी निवासी रामकिशोर वैष्णव, गुदडऱाम जाट, प्रकाश वैष्णव ने ट्रैक्टर से सड़क को क्षतिग्रस्त करना शुरू किया। सूचना पर सरपंच मौके पर पहुंचीं और उन्हें टोका तो आरोपियों ने सरपंच पर हमला बोल दिया व मारपीट शुरू कर दी।
सरपंच जान बचाकर निकलने लगी तो आरोपियों ने उसके पीछे ट्रैक्टर दौड़ाना शुरू कर दिया। इस घटना में गिर जाने से सरपंच के चोटें भी पहुंची। उसने मेड़ता के अस्पताल से प्राथमिक उपचार कराया। महिला सरपंच के पति हरिराम बूड़िया ने इस संबंध में मेड़ता रोड़ थाने में रिपोर्ट दी है। उधर थानाधिकारी दातार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट मिल गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।