उदयपुर। सागवाड़ा (डूंगरपुर) के ओबरी कस्बे से रविवार को सेक्टर 14 पहुंची बारात को बैरंग लौटना पड़ा। दुल्हन और उसके परिजन यहां मिले ही नहीं। दूल्हे के पिता कुबेर कांत पुरोहित ने थाने में दुल्हन के पिता जयदेव शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है।
कुबेर कांत ने बताया कि उनके बेटे मिलन की शादी जयदेव की बेटी पल्लवी से 12 मई को तय हुई थी। छह महीने पहले सगाई हुई थी। पिछले सप्ताह लड़की वालों को दस्तूर के आठ तोला वजनी सोने के जेवर और 40 हजार रुपए के कपड़े दिए थे। शनिवार रात बातचीत में लड़की के पिता ने तीतरड़ी स्थित भट्ट मेवाड़ा ब्राह्मण समाज के छात्रावास में बारातियों के स्वागत और नाश्ते की व्यवस्था होना बताया।
इसके बाद जयदेव और परिवार के लोगों के मोबाइल स्विच ऑफ हो गए। सुबह बारात छात्रावास पहुंची। जलपान के बाद लड़की के घर सूचना कराई तो वहां ताला मिला। वधू पक्ष का कुछ पता नहीं चलने पर कुबेर कांत शाम चार बजे बारात लेकर लौट गए। ॉ