पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Road Safety Program Announce Speed Limit In Lakecity

लेकसिटी में तय होगी स्पीड लिमिट, सड़क दुर्घटना में मरने वाले 331 लोगों को दी श्रद्धांजलि

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

उदयपुर. बीते तीन साल में सड़क हादसों में जान गंवाने वाले 331 लोगों को फतहसागर की पाल पर बुधवार शाम कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के समापन पर यह आयोजन नगर निगम, मानव जीवन रेखा संस्थान तथा लायंस क्लब की ओर से हुआ। इस मौके पर एडीएम-सिटी ने कहा कि जल्दी ही शहर में स्पीड लिमिट तय की जाएगी।

पाल पर एक के बाद एक शहरवासी में जलती कैंडल लेकर आगे बढ़ते रहे और समूह में फतहसागर पाल की पार्किंग वाले स्थान पर पहुंचकर सड़क दुर्घटनाओं में मरने वालों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की। पाल पर एक लाइन में जलती मोमबत्ती का प्रकाश आमजन को यह संदेश दे रहा था कि जीवन की ज्योति जलती रहे और परिवार की खुशियां महकती रहे.....। आयोजन में एडीएम-सिटी मोहम्मद यासीन पठान, उप परिवहन आयुक्त एम.एल. रावत, डीटीओ ओ.पी. बैरवा, कानसिंह परिहार सहित मृतकों के परिवारजन, स्वयं सेवी संस्थाओं के कार्यकर्ता, सनराइज ग्रुप ऑफ कॉलेज के पदाधिकारी तथा आमजन शामिल थे। एडीएम ने कहा कि शहर को एक्सीडेंट फ्री जोन बनाने के लिए प्रशासन स्तर पर स्पीड लिमिट तय की जाएगी। अलग-अलग क्षेत्रों में जरूरत के अनुरूप स्पीड की स्वीकृति दी जाएगी। शहर में खासकर यूथ जिस तरह से बाइक रेसिंग लगाकर अपनी जान जोखिम में डाल रहा है, ऐसी रेस पर कंट्रोल किया जाएगा। यातायात पुलिस के साथ इस प्रकार की रेसिंग करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग द्वारा ऐसे वाहन चालकों के लाइसेंस निरस्त किए जाएंगे जो स्वयं और अन्य की जान को जोखिम में डालने से बाज नहीं आते। अपर आयुक्त परिवहन जितेंद्र सिंह ने कहा कि आमजन को सेल्फ ड्राइविंग के लिए संकल्प लेने की जरूरत बताई।

सड़क सुरक्षा सप्ताह का समापन

एडीएम (सिटी) यासीन पठान ने कहा कि निजी पहल से ही रोड सेफ्टी (सड़क सुरक्षा) तय की जा सकती है। अगर प्यारी है अपनी जान, तो रखो सड़क सुरक्षा का ध्यान..., बिना सोचे चलाओगे वाहन, तो किसी से टकरा जाओगे..., तेज गति जीवन की क्षति, ज्यादा सवारी पड़ेगी भारी ... जैसे स्लोगन को आदत बनाकर अपनी और दूसरों की जिंदगी बचाई जा सकती है। एडीएम बुधवार को आरटीओ कार्यालय में 25वें सड़क सुरक्षा सप्ताह के समापन पर समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा गंभीर मुद्दा है। इस पर साल भर सतत कार्य करने की आवश्यकता है। अपर परिवहन आयुक्त जितेंद्र सिंह ने कहा कि सुरक्षित ड्राइविंग के लिए ईमानदारी से संकल्प लेना होगा। उप परिवहन आयुक्त एम.एल. रावत ने कहा कि रोड सेफ्टी वीक केवल स्मरण के दिन हैं कि हम यातायात नियमों को भूलें नहीं, बल्कि उनकी पालना करें। जिला परिवहन अधिकारी ओ.पी. बैरवा और डीटीओ कानसिंह ने भी विचार रखे।

विद्यार्थियों का सम्मान

रोड सेफ्टी वीक के तहत विद्याभवन सेफ्टी कंसर्न एवं रेफ बुलिक मेमोरियल फाउंडेशन (सेवा मंदिर) की ओर से प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं का परिवहन विभाग द्वारा सम्मान किया गया। समन्वयक डॉ. वि.वि. सिंह ने बताया कि प्रश्नोतरी के सीनियर वर्ग में निशा बंशीवाल (विद्याभवन स्कूल), जूनियर वर्ग में प्रिया यादव (सेंट एंथोनी स्कूल), पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता सीनियर वर्ग में शकुंतला चौधरी (बीएन स्कूल), जूनियर वर्ग में खुशबू बालोत (बीएन स्कूल) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले प्रतिभागी विद्यार्थियों का भी सम्मान किया गया। इस मौके पर मुस्कान संस्थान की ओर से सड़क सुरक्षा थीम पर तैयार कैलेंडर का विमोचन किया गया। सप्ताह के दौरान परिवहन विभाग, यातायात पुलिस एवं स्वयंसेवी संस्थाओं सहित सहयोगी कंपनियों व क्लबों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र दिए गए।