पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

सीनियर डॉक्टर्स ने संभाला आउटडोर, नहीं हुए ऑपरेशन

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

उदयपुर. एमबी अस्पताल में बुधवार को रेजिडेंट्स की हड़ताल की परेशानी मरीजों को झेलनी पड़ी। विभाग अध्यक्षों (एचओडी) ने मोर्चा संभालते हुए काफी हद तक व्यवस्थाएं संभाली। इसके बावजूद आउटडोर में कतारें लगी रहीं। ऑपरेशन भी नहीं हो पाए। कई मरीजों को प्राइवेट अस्पतालों का रुख करना पड़ा।

जनाना अस्पताल में 42, बाल चिकित्सालय में 19, मेडिसिन यूनिट में 50, सर्जरी विभाग में 46, ईएनटी में 10, टीबी में 15 और रेडियोलॉजी में 10 रेजिडेंट्स हैं। इन सबके हड़ताल पर चले जाने से पहले से प्लान किए कई ऑपरेशनों को टालना पड़ा। यूनिटों में होने वाली एंडोस्कोपी जैसी सामान्य जांचें भी नहीं हो पाईं। क्योंकि डॉक्टर्स की ड्यूटी आउटडोर में लगाई गई थी। वार्डों में व्यवस्थाएं संभालने के लिए असिस्टेंट प्रोफेसरों ने मोर्चा संभाला। इधर, सुबह से ही आउटडोर में कतारें लगने लगी। जनाना अस्पताल में नवजात बच्चों को गोद में लिए महिलाओं को घंटों इंतजार करना पड़ा। इस बीच दोपहर में निर्धारित समय पर डॉक्टरों के उठ जाने पर कुछ मरीज डॉक्टरों से उलझ पड़े तो कुछ ने इमरजेंसी का रुख किया।

दिन भर चलती रही समझाइश

पुलिस व अस्पताल प्रशासन सुबह से दोपहर तक रेजिडेंट डॉक्टरों को समझाते-मनाते रहे। लेकिन रेजिडेंट सुरक्षा के सवाल पर अड़े रहे। अस्पताल प्रशासन मारपीट करने वाले से माफी मंगवाने पर काम पर लौटने के लिए मना रहा था, जबकि रेजिडेंट गिरफ्तारी की बात दोहरा रहे थे। उनका कहना था कि बिना गिरफ्तारी ऐसी घटनाओं पर रोक नहीं लगाई जा सकेगी।

बैठकों में नहीं उठते सुरक्षा मुद्दे

हर तीसरे महीने अस्पताल में मरीज-रेजिडेंट के बीच हाथापाई जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। इसके बावजूद अस्पताल प्रशासन की बैठकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा नहीं की जाती है। हड़ताल के बाद काम पर लौटने के लिए रेजिडेंटों को सुरक्षा व्यवस्था के लिए आश्वस्त कर दिया जाता है, लेकिन इसकी नियमित मॉनिटरिंग नहीं होती।

बीकानेर, कोटा में भी दिया अल्टीमेटम

उदयपुर में रेजिडेंट्स की हड़ताल को समर्थन देने के लिए बीकानेर और कोटा के रेजिडेंट्स ने कॉलेज प्रबंधन को अल्टीमेटम दिया है। डॉक्टर को थप्पड़ मारने वाले को गिरफ्तार नहीं करने पर गुरुवार से बीकानेर और कोटा के रेजिडेंट भी हड़ताल पर उतरेंगे। इधर, उदयपुर में जनरल बोर्ड की बैठक में उदयपुर के 25 सीनियर रेजिडेंट्स ने भी समर्थन दिया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष कप्तान सिंह ने बताया कि गिरफ्तारी पर ही हड़ताल खत्म होगी।