उदयपुर. संभागीय आयुक्त भवानी सिंह देथा ने पीडब्ल्यूडी से अवैध रूप से सरकारी बंगलों में रहने वाले अफसरों की सूची बनाकर किराया वसूलने के निर्देश दिए हैं। संभागीय आयुक्त ने सोमवार को समीक्षा बैठक में ये निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को व्यवस्था के भी निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त संभागीय आयुक्त जितेन्द्र उपाध्याय, यूआईटी सचिव रामनिवास मेहता, एडीएम छोगा राम देवासी (शहर), मनवीर सिंह अत्री (प्रशासन), डीएसओ हिम्मत सिंह भाटी व निगम आयुक्त हिम्मतसिंह बारहठ भी मौजूद थे।
किसे क्या दिए निर्देश
नगर निगम : शहर की सीवरेज सिस्टम सुचारू करने, सड़कें आवारा पशुओं से मुक्त करने, सर्दी को देखते हुए बेसहारा लोगों के लिए रैन बसेरा की पर्याप्त व्यवस्था के निर्देश दिए। झील में गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने, झील किनारे पूरी तरह से केबल लैस करने को कहा।
जलदाय विभाग : शहर की झीलों से पेयजल आपूर्ति की नियमित गुणात्मक जांच की जाए।
मेडिकल कॉलेज : हॉस्टल को सुविधायुक्त बनाने व मेडिकल स्टूडेंट को पर्याप्त सुविधाएं देने के निर्देश दिए। स्टूडेंट वेलफेयर फंड व अन्य सरकारी योजनाओं द्वारा दी जा रही धनराशि का सदुपयोग किया जाए।
चिकित्सा विभाग : सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर ब्लड स्टोरेज यूनिट आवश्यक रूप से स्थापित की जाए। प्रधानमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक प्रोजेक्ट के संबंध में भी जानकारी ली।