पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बंदरों का आतंक से फैली गांव में दहशत, दांतों से नोच लिया व्यक्ति का मांस

बंदरों का आतंक से फैली गांव में दहशत, दांतों से नोच लिया व्यक्ति का मांस

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
राजसमंद. कांकरोली के कमल तलाई इलाके में पिछले दस दिन से बंदरों का आतंक थम नहीं रहा है। अब तक बंदर बारह लोगों को नाखून व दांत मार चुके हैं, लेकिन आरके अस्पताल में बंदरों के काटने पर लगने वाली एंटी बायोटिक के इंजेक्शन भी नहीं है। ऐसे में लोगों को बाजार से आठ सौ रुपए देकर इंजेक्शन लगवाने पड़ रहे हैं। मंगलवार को बंदरों ने दो जनों को जख्मी कर दिया। इसमें एक जने को दौड़ाकर गंभीर घायल होने पर आरके अस्पताल से उदयपुर रेफर करना पड़ा।
मंगलवार को क्षेत्र के कमल तलाई निवासी हरीश पालीवाल अपने मकान की छत पर थे। बंदर ने अचानक उन पर हमला कर दिया। बंदर ने शरीर पर जगह-जगह से नाखून से नौंच लिया और दांतों से जांघ का मांस तक निकाल लिया। इसके चलते हरीश को आरके अस्पताल ले जाया गया। जहां से उसे उदयपुर रेफर किया गया। इसी प्रकार रामचंद्र कुमावत पर भी बंदर ने हमला कर दिया। इस दौरान रामचंद्र के पास लकड़ी होने से भगा दिया इससे उनको ज्यादा चोट नहीं लगी।
एक दिन पूर्व भी कमल तलाई क्षेत्र में ही दिशा (16) पुत्री हरीश साहू को भी छत पर पढऩे के दौरान बंदर ने हमला कर घायल कर दिया था। उसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। कमल तलाई क्षेत्र में दिनभर बंदरों का आतंक रहता है। बंदर, कुत्ते सहित जंगली जानवर के काटने पर रबीपुर एंटी रैबीज इंजेक्शन लगता है। जो बाजार में चार सौ रुपए में बिकता है।
जानवर को काटने वाले शरीर के हिस्से पर पहले सिरम इंजेक्शन लगाया जाता है। सिरम इंजेक्शन की कीमत बाजार में दो एमएल के 800 रुपए लगते है। आरके अस्पताल में वर्तमान में एंटी रैबीज का इंजेक्शन तो है लेकिन सिरम इंजेक्शन नहीं है। ऐसे में मरीजों को उदयपुर रेफर किया जा रहा है। गौरतलब है राजकीय अस्पतालों में ये दोनों इंजेक्शन नि:शुल्क लगाए जाते है।

विगत दस दिनों से बंदरों के आतंक से कांकरोली के कमल तलाई, हाथीनाड़ा, स्वास्तिक सिनेमा और कालिंदी विहार कॉलोनी के लोग परेशान हो रहे हैं। पिछले दिनों वन विभाग व नगर पालिका कर्मचारियों ने एक बंदर को पकड़ा था।
कलेक्टर से लगाई गुहार, बंदरों से निजात दिलाओ
कमल तलाई के लोगों ने मंगलवार को पार्षद एवं बार एसोसिएशन अध्यक्ष जयदेव कच्छावा के नेतृत्व में कलेक्टर कैलाशचंद वर्मा के नाम उपखंड अधिकारी चैनाराम चौधरी को ज्ञापन दिया। इसमें वन विभाग व नगर परिषद के कर्मचारियों द्वारा इन्हें पकड़वाने की व्यवस्था करवाने की मांग की। इस दौरान कमल तलाई क्षेत्र के दिनेश, मदनलाल, भैरुलाल, राजेश, परसराम, भाग्यवंती सहित अन्य महिला-पुरुष उपस्थित थे।

इंजेक्शन शीघ्र आएंगे
आरके अस्पताल में एंटी रैबीज इंजेक्शन तो है लेकिन किसी व्यक्ति के शरीर पर जंगली जानवर के काटने वाले स्थान पर लगने वाले सिरम इंजेक्शन वर्तमान में आरके अस्पताल में उपलब्ध नहीं है। इसकी डिमांड जयपुर से की गई है। शीघ्र ही ये भी उपलब्ध हो जाएगा। -डॉ. सीएल डूंगरवाल
आगे की स्लाइड्स में देखें फोटो